Orai: महंगाई के खिलाफ आप का प्रदर्शन; राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन, गैस की बढ़ी कीमतें वापस लेने की मांग
Orai News: उरई में आम आदमी पार्टी ने गैस सिलिंडरों की कीमतों में बढ़ोतरी के विरोध में कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने बेरोजगारी के खतरे को लेकर चिंता जताई और दाम वापस लेने की मांग की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उरई में बढ़ती महंगाई और एलपीजी गैस सिलिंडर की कीमतों में हालिया बढ़ोतरी के विरोध में शनिवार को आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपा और गैस के बढ़े हुए दाम वापस लेने की मांग की।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से आम जनता का जीवन प्रभावित हो रहा है। आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष विनय चौरसिया ने कहा कि घरेलू एलपीजी गैस सिलिंडर के दामों में 60 रुपये और कमर्शियल गैस सिलिंडर में 120 रुपये की बढ़ोतरी से गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है। इसका सीधा असर छोटे कारोबारियों और आम उपभोक्ताओं पर पड़ रहा है।
20 प्रतिशत होटल और रेस्टोरेंट हो चुके हैं बंद
उन्होंने कहा कि होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट और स्ट्रीट फूड से जुड़े छोटे व्यापारी पहले ही आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। ऐसे में गैस सिलिंडर के दाम बढ़ने से उनकी परेशानियां और बढ़ गई हैं। कई जगहों पर छोटे व्यापार बंद होने की स्थिति बन गई है। कार्यकर्ताओं ने दावा किया कि देश के विभिन्न हिस्सों से चिंताजनक आंकड़े सामने आ रहे हैं। मुंबई में करीब 20 प्रतिशत होटल और रेस्टोरेंट बंद हो चुके हैं और लगभग 50 प्रतिशत तक बंद होने की आशंका जताई जा रही है।
लोगों के बेरोजगार होने की स्थिति हो गई है पैदा
वहीं, तमिलनाडु में लगभग 10 हजार होटल और रेस्टोरेंट बंद होने की कगार पर हैं। पंजाब और दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में हजारों छोटे कारोबार इस बढ़ोतरी से प्रभावित हो रहे हैं। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि गुजरात के मोरबी में करीब 650 उद्योगों में से लगभग 170 उद्योग बंद हो चुके हैं, जिससे करीब एक लाख लोगों के बेरोजगार होने की स्थिति पैदा हो गई है। कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार से महंगाई पर नियंत्रण करने, एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में की गई बढ़ोतरी वापस लेने और आम जनता व छोटे कारोबारियों को राहत देने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।