Kanpur: नौबस्ता के 100 बेड के अस्पताल में जल्द शुरू होगी ओपीडी, डिप्टी सीएम ने डीजी हेल्थ से मांगी रिपोर्ट
Kanpur News: डीजी हेल्थ की ओर से दी गई सूचना में अस्पताल में अभी तक बिजली का कनेक्शन नहीं होने और अग्निशमन विभाग की एनओसी नहीं मिलने की बात भी सामने आई है। वहीं, उर्सला अस्पताल में आईसीयू नहीं शुरू होने के संबंध में भी विभागीय अधिकारियों से रिपोर्ट तलब की है।
विस्तार
कानपुर में दक्षिण क्षेत्र नौबस्ता में तैयार 100 बेड के अस्पताल में छह माह के अंदर ओपीडी शुरू हो जाएगी। इससे पहले अगले माह अप्रैल में भवन हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी होगी। अमर उजाला के सवाल पर यह जानकारी बुधवार को उप मुख्यमंत्री व चिकित्सा स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने दी। अस्पताल को शुरू करने की योजना अब तक तीन बार बदले जाने के सवाल पर उप मुख्यमंत्री ने डीजी हेल्थ को फोन कर पूरी रिपोर्ट मांगी।
डिप्टी सीएम ने डीजी हेल्थ से अस्पताल के हस्तांतरण और यहां पर चिकित्सा सुविधा शुरू करने को लेकर की गई तैयारी की जानकारी मांगी। इस पर कुछ देर बाद डीजी हेल्थ ने बताया कि एक महीने के अंदर अस्पताल भवन के हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। शाम चार बजे डीजी हेल्थ ने सीएमओ को फोन कर अस्पताल के संबंध में वर्तमान स्थिति की जानकारी मांगी। वहीं, सीएमओ ने करीब पांच बजे शासन को पूरी जानकारी मेल के जरिये भेजी।
अस्पताल क्यों शुरू नहीं हो पाया, रिपोर्ट मांगी गई
दक्षिण क्षेत्र में अब तक के सबसे बड़े अस्पताल के निर्माण में करीब 45 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। अस्पताल में कुल 10 विभाग होंगे, जिसमें 30 से अधिक चिकित्सकों व लगभग 150 कर्मचारियों की नियुक्ति की जाएगी। यहां आईसीयू, ओटी, इमरजेंसी व ओपीडी की सुविधा मिलेगी। डिप्टी सीएम ने बताया कि अभी तक अस्पताल क्यों शुरू नहीं हो पाया, इसकी रिपोर्ट मांगी गई है। डीजी हेल्थ की ओर से दी गई सूचना में अस्पताल में अभी तक बिजली का कनेक्शन नहीं होने और अग्निशमन विभाग की एनओसी नहीं मिलने की बात भी सामने आई है। वहीं, उर्सला अस्पताल में आईसीयू नहीं शुरू होने के संबंध में भी विभागीय अधिकारियों से रिपोर्ट तलब की है।