Nazul Property Case: अवनीश के बाद एक और आरोपी गिरफ्तार, फरार अन्य भी पुलिस के रडार पर, जल्द होगी गिरफ्तारी
Kanpur News: अवैध रूप से वसूली करने वाले वसूलीबाजों के खिलाफ आधा दर्जन से ज्यादा तहरीर तमाम थानों में पहुंच चुकी है। डीसीपी साउथ ने बताया कि सभी तहरीरों की जांच एसीपी से कराई जा रही है। जल्द ही एसीपी अपनी रिपोर्ट सौंपेंगे, जिसके बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
विस्तार
कानपुर में सिविल लाइंस में करोड़ों की सरकारी जमीन कब्जा करने के प्रयास में जेल में बंद प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष अवनीश दीक्षित का साथ देने वाले सपा नेता राहुल वर्मा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सपा नेता घटना के बाद अन्य आरोपियों जितेश झा और अब्बास के फरार हुआ था। सूत्रों के मुताबिक पुलिस अन्य दो आरोपियों तक भी पहुंच चुकी है। हालांकि अभी उनकी गिरफ्तारी नहीं घोषित की गई है।
बता दें, बीती 28 जुलाई को मैरी एंड मेरीमैन स्कूल कम्पाउंड सिविल लाइंस में अवनीश दीक्षित और उसके साथियों ने कब्जा करने का प्रयास किया था। पुलिस ने लेखपाल विपिन कुमार और कब्जेदार सैमुएल गुरुदेव सिंह की तहरीर पर दो एफआईआर दर्ज की थी। इसमें अवनीश दीक्षित को गिरफ्तार कर पुलिस जेल भेज चुकी है। उसी कड़ी में पुलिस सपा छात्रसभा के महानगर अध्यक्ष राहुल वर्मा को सोमवार को लखनऊ से गिरफ्तार किया गया।
दिल्ली से लेकर लखनऊ तक भागा
राहुल ने पुलिस को बताया कि घटना के बाद वह लोग भागकर दिल्ली, फिर हरियाणा, चंडीगढ़, कन्नौज और फिर लखनऊ पहुंचे। सभी सरेंडर करने के लिए एक वकील के संपर्क में थे।
आज होगी पीसीआर पर सुनवाई
डीसीपी एसके सिंह ने बताया कि सभी आरोपियों का एनबीडब्ल्यू व सफीना नोटिस तामील करा दिया गया है। इनाम घोषित कराने की कार्रवाई भी आगे बढ़ाई गई है। मंगलवार को अवनीश की पुलिस कस्टडी रिमांंड पर सुनवाई होनी है। रिमांड मिलने पर मामले में कई बिंदुओं पर स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।
वसूलीबाजों के खिलाफ आधा दर्जन शिकातें, एसीपी कर रहे जांच
अवैध रूप से वसूली करने वाले यू-ट्यूबर्स वसूलीबाजों के खिलाफ आधा दर्जन से ज्यादा तहरीर तमाम थानों में पहुंच चुकी है। डीसीपी साउथ ने बताया कि सभी तहरीरों की जांच एसीपी से कराई जा रही है। जल्द ही एसीपी अपनी रिपोर्ट सौंपेंगे, जिसके बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। बिना जांच के कोई भी एफआईआर दर्ज नहीं की जाएगी।
एपी फैनी और अनवरगंज की नजूल भूमि के लिए एसआईटी गठित
एपी फैनी और अनवरगंज स्थित नजूल की भूमि की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है। सर्विलांस टीम के साथ मिलकर इन दोनों मामलों में जांच शुरू की गई है। पुलिस प्रथम चरण में उन लोगों की जानकारी कर रही है जिन्होंने एपी फैनी परिसर में अपनी जमीन के लिए एग्रीमेंट किया है। पुलिस सूत्रों की माने तो इस भूखंड में शहर के कई राजनैतिक पार्टी के लोगों ने भी अपनी हिस्सेदारी निभाई है। फिलहाल कुछ सफेदपोश लोगों के नाम सामने आए हैं, देखना ये होगा कि इन लोगों पर कार्रवाई कब और कैसे होती है?
राहुल वर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पूछताछ जारी है। अन्य आरोपियों की तलाश में टीमें लगी है। किसी की लोकेशन कोलकाता, किसी की राजस्थान आदि स्थानों पर मिल रही है। पुलिस टीमें जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लेंगी। -श्रवण कुमार सिंह, डीसीपी पूर्वी