चित्रकूट में तिरंगा यात्रा: सांसद और विधायक ने बिना हेलमेट लगाए निकाली बाइक रैली, डीएम और एसपी भी रहे शामिल
आजादी के 75वें अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में चित्रकूट में तिरंगा यात्रा निकाली गई। साथ ही, सांसद और विधायक ने बिना हेलमेट लगाए बाइक रैली निकाली, जो चर्चा का विषय बना हुआ है।
विस्तार
बांदा जिले में आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में हर-घर-तिरंगा, घर-घर तिरंगा अभियान के तहत शहर में तिरंगा यात्रा निकाली गई। गली गली में भारत माता के जयकारे गूंजते रहे। जिला प्रशासन ने जेएन डिग्री कॉलेज, डीएवी व रामलीला मैदान से बैंडबाजों के साथ अलग-अलग तीन तिरंगा यात्रा निकाली गईं। बच्चे ‘विजयी विश्व तिरंगा प्यारा, झंडा ऊंचा रहे हमारा’ गाने गुनगुना रहे थे।
डीएम अनुराग पटेल व एसपी अभिनंदन ने डीएवी कॉलेज में रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। डीएम नेेेे कहा कि 13, 14, 15 अगस्त को कोई भी घर व संस्थान तिरंगा से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि तिरंगा रैली में करीब 25 हजार बच्चे व अन्य लोगों ने प्रतिभाग किया। अफसरों ने रैली में पुष्प वर्षा की।
सरस्वती बालिका विद्या मंदिर की छात्राओं ने देश भक्ति गीत प्रस्तुत किया। इस मौके पर उप पुलिस महानिरीक्षक लक्ष्मी नारायण, एडीएम उमाकांत, सीडीओ वेद प्रकाश मौर्य, एएसपी श्रीनिवास मिश्र, सिटी मजिस्ट्रेट राजेश वर्मा, जल पुरुष उमाकांत पांडेय, व्यापार मंडल के मनोज जैन, राजकुमार राज, अमित सेठ भोलू, आदि मौजूद रहे।
सांसद व विधायक ने बिना हेलमेट लगाए निकाली बाइक रैली
सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी ने खुरहंड से गाजेबाजे के साथ बाइक रैली निकाली। रैली शहर भ्रमण के बाद जीआईसी ग्राउंड में समाप्त हुई। रैली में सांसद आरके सिंह पटेल भी शामिल हुए। इस दौरान सांसद, विधायक और उनके साथ चल रहे बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। इसकी चर्चा रही।