यहां तो गजब ही हो गया: दरोगा की टोपी लेकर भागा बंदर, छुड़ाने में पुलिस का फूला दम
हरदोई जिले के हरपालपुर कोतवाली में बंदरों का आतंक है। पुलिसकर्मी बंदरों के रोज-रोज के कारनामों से परेशान हैं। रविवार को एक बंदर दरोगा की टोपी लेकर भाग गया। बंदर पहले तो टोपी लेकर दीवार पर चढ़ा, पुलिसकर्मियों की नजर पड़ने पर वह छत पर भाग गया।
विस्तार
यूपी के हरदोई जिले में हरपालपुर पुलिस को इन दिनों हवालात में बंदी की नहीं, बंदरों की पहरेदारी करनी पड़ रही है। रविवार को थाने के एक दरोगा की टोपी बंदर उठा ले गया। टोपी छुड़वाने में पुलिसकर्मियों का दम फूल गया। बंदर की हरकत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
हरपालपुर कोतवाली में बंदरों का आतंक है। पुलिसकर्मी बंदरों के रोज-रोज के कारनामों से परेशान हैं। रविवार को एक बंदर दरोगा की टोपी लेकर भाग गया। बंदर पहले तो टोपी लेकर दीवार पर चढ़ा, पुलिसकर्मियों की नजर पड़ने पर वह छत पर भाग गया। बंदर से टोपी छुड़वाने के प्रयास में लगे पुलिसकर्मियों का दम फूल गया।
आखिरकार कुछ समय बाद बंदर खुद ही टोपी छोड़कर भाग गया। बंदर की इस हरकत का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आमजनमानस के साथ पुलिस भी बंदरों से परेशान है। कोतवाली में बंदर कभी किसी का मोबाइल तो किसी का चश्मा आदि उठाने के कारनामे आए दिन करते रहते हैं। ऐसे में पुलिस को हवालात में बंद बंदियों से ज्यादा बंदरों की पहरेदारी करनी पड़ रही है। लोगों का कहना है कि कोतवाली में एक होमगार्ड डंडा लिए बंदरों को भगाने में लगा रहता है।