कानपुर देहात: अभिलेखों की कमी से सम्मान निधि पोर्टल पर 45 किसान परिवारों का पंजीयन अटका
Kanpur Dehat News: जीरो पावर्टी के तहत चिह्नित किए गए 45 से अधिक किसान परिवारों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ मिलने पर संशय बना हुआ है। जरूरी अभिलेखों की कमी और पोर्टल पर निर्धारित विकल्प नहीं होने के कारण इन परिवारों का ऑनलाइन पंजीकरण नहीं हो पा रहा है। कृषि विभाग ने इन मामलों की रिपोर्ट निदेशालय को भेजी है।
विस्तार
जनपद में जीरो पावर्टी के तहत 2124 किसान परिवार चिह्नित किए गए थे। इन परिवारों को प्राथमिकता के आधार पर प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए थे। सत्यापन के दौरान 1952 परिवार अपात्र पाए गए, जबकि 115 परिवारों को पहले से ही सम्मान निधि मिलने की जानकारी सामने आई।
इस तरह बचे 57 परिवारों में से 12 परिवारों का पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण करा दिया गया है। इन परिवारों को शासन स्तर से सम्मान निधि जारी की जाएगी। वहीं, 45 किसान परिवारों का पंजीकरण अब भी अटका हुआ है।
कृषि विभाग के अनुसार पंजीकरण में सबसे बड़ी समस्या जरूरी अभिलेखों की कमी है। कुछ परिवारों में किसान की मृत्यु हो चुकी है, लेकिन मृतक का आधार कार्ड उपलब्ध नहीं है। वहीं कुछ मामलों में मृत्यु प्रमाणपत्र न होने के कारण भी पोर्टल पर प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही है।
उप निदेशक कृषि हरिशंकर भार्गव ने बताया कि जीरो पावर्टी में चिह्नित 45 किसान परिवारों के पोर्टल पर आवेदन में दिक्कत आ रही है। किसी के पास मृतक किसान का आधार कार्ड नहीं है तो किसी के पास मृत्यु प्रमाणपत्र नहीं है। इन अभिलेखों के बिना पोर्टल पर पंजीयन की व्यवस्था नहीं है। मामले की रिपोर्ट निदेशालय को भेजी गई है।
केस-1 : पट्टे की जमीन का विकल्प नहीं
मलासा ब्लॉक के घार गांव निवासी नीता के पति का निधन हो चुका है। जमीन अभी उनके नाम ट्रांसफर नहीं हुई है। जमीन पट्टे की है और वर्ष 2019 से पहले की पट्टे वाली जमीन का विकल्प सम्मान निधि पोर्टल पर प्रदर्शित नहीं हो रहा है। इस वजह से नीता का पंजीकरण नहीं हो पा रहा है।
केस-2 : आधार निलंबित होने से अटका पंजीकरण
अमरौधा ब्लॉक के नगीना बांगर निवासी रीना के पति का निधन हो चुका है। मृतक पति का आधार कार्ड निलंबित है। आधार सक्रिय नहीं होने के कारण सम्मान निधि पोर्टल पर पंजीकरण की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही है।
केस-3 : पुरानी पट्टे की जमीन बनी अड़चन
रसूलाबाद ब्लॉक के हीकेपुर निवासी प्रेमचंद्र के पास वर्ष 2019 से पहले की पट्टे वाली जमीन है। पोर्टल पर इस तरह की पट्टे की जमीन का विकल्प उपलब्ध नहीं होने के कारण उनका पंजीकरण अटका हुआ है।
केस-4 : मृतक का आधार और मृत्यु प्रमाणपत्र दोनों नहीं
अकबरपुर ब्लॉक के गुजराई निवासी मुन्नी देवी के पति का निधन हो चुका है। पति का मृत्यु प्रमाणपत्र नहीं बनवाया गया है। वहीं मृतक का आधार कार्ड भी उपलब्ध नहीं है। दोनों अभिलेखों की कमी के कारण सम्मान निधि पोर्टल पर उनका पंजीकरण नहीं हो सका है। गरीब परिवारों को योजना का लाभ दिलाने के लिए चिह्नित किए गए इन किसानों के सामने अब जरूरी अभिलेख जुटाने और पोर्टल की व्यवस्था में समाधान का इंतजार है।