हवाओं ने बदला रुख, तीन दिन तक यहां झमाझम बारिश झेलने को रहिए तैयार
माना जा रहा है कि 10 और 11 जुलाई को शहर में बारिश हो सकती है। वहीं, सोमवार को दिन के तापमान में तीन डिग्री की कमी दर्ज की गई। पारा 40.4 डिग्री से गिरकर 37.6 डिग्री पर पहुंच गया। बादल होने और धूप एक दिन पहले की अपेक्षा नरम होने से उमस भी बढ़ी है। हवा में नमी का प्रतिशत दिन में तीन और रात में 11 प्रतिशत बढ़ा है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में तापमान और नीचे जाने की संभावना है। अनुमान है कि 11 से शुरू होने वाली बारिश अगले तीन दिनों तक रह सकती है। जिससे वातावरण में काफी नमी आ जाएगी। तापमान 35 से 36 डिग्री के आसपास आ सकता है। रात को होने वाली उमस से भी लोगों को छुटकारा मिलेगा।
सक्रिय मानसून की वापसी से धान की रोपाई के लिए किसानों को जरूरत भर खेतों में पानी भी मिल सकता है। मौसम वैज्ञानिक नौशाद खान का कहना है कि इस हफ्ते बारिश का असर शहर के साथ बुंदेलखंड क्षेत्रों में दिख सकता है।
सोमवार को तापमान
अधिकतम- 37.6 डिग्री सेल्सियस
न्यूनतम- 28.4 डिग्री सेल्सियस
आर्द्रता
अधिकतम- 78 प्रतिशत
न्यूनतम- 57 प्रतिशत