Maa Tujhe Pranam Rally: मोतीझील से गूंजा तिरंगे का जोश, तिरंगा यात्रा में उमड़ी भीड़, झांकियों ने बढ़ाई शान
Kanpur Amar Ujala Tiranga Yatra: स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर कानपुर के मोतीझील से अमर उजाला की 'मां तुझे प्रणाम' तिरंगा यात्रा का भव्य शुभारंभ हुआ। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह और महापौर प्रमिला पांडेय ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया, जिसमें सेना के जवानों, आकर्षक झांकियों और भारी संख्या में शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
विस्तार
कानपुर में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर अमर उजाला की ओर से आयोजित ‘मां तुझे प्रणाम’ तिरंगा यात्रा का शनिवार को मोतीझील से भव्य शुभारंभ हुआ। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह और नगर निगम की महापौर प्रमिला पांडेय ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया।
तिरंगे के रंग में रंगे शहर में यात्रा के दौरान देशभक्ति और उत्साह का ऐसा माहौल दिखा कि हर ओर ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष गूंजते रहे। यात्रा में सेना के जवानों ने भी शिरकत कर देशभक्ति के जज्बे को और मजबूती दी। तिरंगा हाथों में लिए बड़ी संख्या में लोग यात्रा का हिस्सा बने।
विभिन्न विषयों पर सजी शानदार झांकियां
रास्ते में जगह-जगह लोगों ने यात्रा का स्वागत किया। यात्रा का सबसे आकर्षक हिस्सा विभिन्न सामाजिक और सांस्कृतिक विषयों पर सजी शानदार झांकियां रहीं। झांकियों ने लोगों का ध्यान खींचा और स्वतंत्रता संग्राम से लेकर देश की उपलब्धियों तक की झलक प्रस्तुत की।
गूजें देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम के नारे
मोतीझील से शुरू हुई इस यात्रा में तिरंगे की शान, सेना के जवानों की मौजूदगी और देशभक्ति से ओतप्रोत नारों ने माहौल को पूरी तरह राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया। ‘मां तुझे प्रणाम’ यात्रा ने आजादी के जश्न को सिर्फ उत्सव नहीं, बल्कि देश के वीरों को नमन करने और राष्ट्र के प्रति कृतज्ञता जताने का अवसर बना दिया।