जालौन: पेड़ के नीचे बारिश से बचने बैठे किसान पर गिरी बिजली, मौत; छह बकरियां भी दबीं
Orai News: बारिश के बीच डकोर कोतवाली क्षेत्र के खरका गांव में शुक्रवार को आकाशीय बिजली गिरने से 55 वर्षीय किसान की मौत हो गई। किसान बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे बैठे थे, तभी तेज कड़कड़ाहट के साथ पेड़ पर बिजली गिर गई। बिजली की चपेट में आने से किसान की मौके पर ही मौत हो गई।
विस्तार
खरका निवासी देशराज (55) शुक्रवार को बकरियां चराने के लिए गांव के बाहर खेतों की ओर गए थे। इसी दौरान अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए वह पास में खड़े पेड़ के नीचे बैठ गए। कुछ ही देर बाद तेज आवाज के साथ पेड़ पर आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली की चपेट में आने से देशराज की मौके पर ही मौत हो गई। बिजली गिरने के कारण पेड़ की एक भारी डाल भी टूटकर नीचे गिर गई। इसके नीचे खड़ी छह बकरियां दब गईं और उनकी मौत हो गई।
बारिश थमने पर लोगों को हुई घटना की जानकारी
बारिश बंद होने के बाद आसपास के लोगों की नजर पेड़ के नीचे पड़े किसान और मृत बकरियों पर पड़ी। लोगों ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के बेटे सियाराम और धर्मपाल समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। किसान की मौत से गांव में मातम पसरा है।
छह बकरियों की मौत से आर्थिक नुकसान
हादसे में किसान की जान जाने के साथ परिवार को आर्थिक नुकसान भी हुआ है। छह बकरियों की मौत से परिवार को काफी नुकसान हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता दिलाए जाने की मांग की है।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
परिजनों ने घटना की सूचना डकोर कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस और प्रशासन की ओर से घटना की जानकारी जुटाई जा रही है। बारिश के दौरान हुए इस हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।