Kanpur: फ्लोटिंग रेस्टोरेंट में लजीज व्यंजनों का स्वाद…क्रूज में सैर, केडीए बैठक में लाए जाएंगे ये प्रस्ताव
Kanpur News: हाल ही में मंडलायुक्त की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में बोट क्लब के पास गंगा नदी में फ्लोटिंग रेस्टोरेंट और क्रूज जहाज के संचालन के लिए टेंडर आमंत्रित करने के निर्देश दिए गए थे। उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम लिमिटेड प्रयागराज में फ्लोटिंग रेस्टोरेंट संचालित कर रहा है।
विस्तार
कानपुर में गंगा बैराज स्थित बोट क्लब में जल्द ही शहरवासी फ्लोटिंग रेस्टोरेंट में लजीज व्यंजनों का स्वाद ले सकेंगे। इसके साथ ही क्रूज जहाज में भी सैर करने का मौका मिलेगा। इसके लिए 14 जून को केडीए बोर्ड बैठक में प्रस्ताव लाया जा रहा है।
बैठक के एजेंडे में 10 प्रस्ताव शामिल किए गए हैं। इसके तहत महायोजना-2031, पुरानी कीमत में ही लोगों को आशियाना, 25 प्रतिशत भुगतान करने पर छोटे फ्लैट और 50 प्रतिशत धनराशि के भुगतान पर बड़े फ्लैट पर कब्जा, नक्शा धनराशि में संशोधन आदि प्रस्ताव रखे जाएंगे।
केडीए जोन-1 के अधिशासी अभियंता अजय पवार की तरफ से बोर्ड बैठक के एजेंडे में कानपुर बोट क्लब में फ्लोटिंग रेस्टोरेंट और क्रूज जहाज के संबंध में प्रस्ताव शामिल किए गए हैं। गंगा बैराज के अप स्ट्रीट में केडीए ने सिंचाई विभाग को करीब 11.66 करोड़ रुपये देकर बोट क्लब और बैराज घाट बनवाया है। 26 दिसंबर 2022 को बोट क्लब शुरू हुआ।
बोट क्लब में आते हैं सैकड़ों पर्यटक
बोट क्लब सोसाइटी के सचिव जल क्रीड़ा व उच्चस्तरीय समग्र विकास समिति के समन्वयक नीरज श्रीवास्तव ने बताया कि बोट क्लब में सैकड़ों पर्यटक आते हैं। समय-समय पर बोट क्लब में जल कीड़ा की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
प्रयागराज में संचालित है फ्लोटिंग रेस्टोरेंट
बीती एक फरवरी को मंडलायुक्त की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में बोट क्लब के पास गंगा नदी में फ्लोटिंग रेस्टोरेंट और क्रूज जहाज के संचालन के लिए टेंडर आमंत्रित करने के निर्देश दिए गए थे। उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम लिमिटेड प्रयागराज में फ्लोटिंग रेस्टोरेंट संचालित कर रहा है।
बोट क्लब का बढ़ेगा आकर्षण
इसलिए उनसे समन्वय स्थापित कर गंगा नदी पर फ्लोटिंग रेस्टोरेंट के निर्माण के लिए आगणन प्राप्त किया गया। इसकी अनुमानित लागत चार करोड़ रुपये है। इससे पर्यटकों में बोट क्लब का आकर्षण बढ़ेगा और शहर को पर्यटन की दृष्टि से एक अतिरिक्त भ्रमण केंद्र मिल जाएगा।