Kanpur Weather Update: 43.4 डिग्री पहुंचा पारा, रात में भी उमस से लोग बेहाल, तेज हवा और बूंदाबांदी की संभावना
Weather News: कानपुर में अधिकतम तापमान 43.4 और न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पूर्वानुमान है कि अगले पांच दिनों में हल्के बादल छाए रहने के आसार हैं। इसके साथ ही तेज हवाओं के साथ हल्की वर्षा होने की भी संभावना है।
विस्तार
कानपुर में शनिवार को अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। न्यूनतम पारा भी 28.4 डिग्री सेल्सियस की चोटी पर पहुंचने से लोग हो बेहाल रहे। मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों में सुबह और शाम के समय हल्के बादल व तेज हवा के साथ बूंदाबांदी की संभावना है।
हालांकि दिन में कड़ी धूप और लू का सिलसिला जारी रहेगा। सीएसए मौसम विभाग प्रमुख डॉ. एसएन पांडेय के अनुसार महानगर और इसके आसपास पर पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता बनी हुई है। अभी तेज बारिश की संभावना नहीं है। लेकिन हवा में नमी के चलते उमस बनी रहेगी।
उन्होंने बताया कि जून में पिछले वर्षों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री तक जा चुका है। ऐसे में संभावना है कि तापमान अभी और बढ़ सकता है। इस बीच हवा में अधिकतम नमी 48 और न्यूनतम 30 प्रतिशत नमी रिकार्ड की गई है। दिन में कड़ी धूप से बचने की सलाह दी गई है।
ये है किसानों के लिए सलाह
किसानों को सलाह दी गई है कि वे अपने काम के समय में परिवर्तन करें। सुबह और शाम को ही खे तों पर जाएं। फसलों की सिंचाई दिन के बजाए रात में करें। बता दें कि अगले पांच दिनों में हल्के बादल छाए रहने के आसार हैं। इसके साथ ही धूल भरी आंधी के साथ हल्की वर्षा होने की संभावना है।
15 जून तक पड़ेगा गर्मी का कहर
मौसम वैज्ञानिकों की भविष्यवाणी सही साबित हो रही है। 15 जून तक बेचैन कर देने वाली गर्मी पड़ने की संभावना जताई गई थी। इसका असर दिख रहा है। अब गर्मी लोगों को बेचैन कर रही है। इस साल 23 मई, 24 मई, 31 मई की रात में न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। ये रातें बेहद गर्म रहीं।
पारा 43.4 डिग्री सेल्सियस रहा
इधर शुक्रवार की रात में गर्मी का नया रिकार्ड बना। न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। इस साल में अब तक यह न्यूनतम तापमान सर्वाधिक है। यह सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। इसकी वजह से शुक्रवार की रात साल की सबसे गर्म रात रही। शनिवार दिन में पारा 43.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
सड़कों पर पसरा रहा सन्नाटा
इसकी वजह से गर्मी से लोग बेहाल रहे। सड़क पर सन्नाटा पसरा रहा। जबकि 9.2 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली लू ने राहगीरों को झुलसाया। कूलर और एसी में लोगों को राहत मिल सकी। सुबह से निकली चटक धूप की वजह से गर्मी चरम पर रही। दोपहर होने पर सूरज की गर्मी ने बेचैनी और बढ़ा दी।
दिन में तीन बार पिलाएं पशुओं को पानी
मौसम गर्म होने और लू चलने पर शरीर की नमी सूख रही है। इसे देखते हुए लोग पशुओं को दिन में तीन बार नल का ठंडा पानी पिलाएं। वैज्ञानिकों के अनुसार, मवेशियों को चरही के पास ही पानी उपलब्ध कराया जाए, तो बेहतर रहता है। इससे मवेशी प्यास लगने पर पानी पी लेते हैं।
