Kanpur Weather Update: बफीर्ली हवाओं ने निकाली सूरज की गर्मी, तेज धूप के बाद भी माहौल में रही गलन, ये है अलर्ट
Weather News: महानगर में तेज धूप के बाद भी उत्तर-पश्चिमी हवाओं से माहौल में गलन रही। मौसम विभाग के अनुसार, आज से हवाओं की गति कम हो सकती है। इससे गलन से राहत मिल सकती है।
- अधिकतम - 21 डिग्री सेल्सियस।
- न्यूनतम - 9.4 डिग्री सेल्सियस।
विस्तार
कानपुर में तेज धूप खिलने से सन शाइन ऑवर तो बढ़ गए हैं, लेकिन हिमालयी (बफीर्ली) ठंडक लेकर आ रहीं उत्तर-पश्चिमी हवाओं ने गलन पैदा कर रखी है। हवाएं 30 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से बह रही हैं। इसके साथ ही रात को यूरोपीय देशों से आने वालीं नॉक्टरनल जेट हवाएं आधी रात के बाद माहौल में गलन पैदा कर रही हैं।
सीएसए के मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शुक्रवार से हवाओं की रफ्तार कम होगी और दिशा भी बदलेगी। बुधवार और गुरुवार को दिन में धूप की तेजी मानक के अनुरूप रही, जिससे सन शाइन ऑवर सात घंटे और सात मिनट के रहे लेकिन गलन बहुत अधिक रही। जैसे ही हवा की गति तेज होती, गलन में इजाफा हो जाता।
सीएसए के मौसम विभाग के प्रभारी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि उत्तर पश्चिमी हवाएं हिमालयी ठंडक लेकर आ रही हैं। उन्होंने बताया कि अब हवा की गति धीमी पड़ सकती है, जिससे माहौल में गलन भी कम होगी। लेकिन रात में जेट स्ट्रीम का प्रभाव आ रहा है। इस समय नॉक्टरनल जेट चल रही हैं।
अगले पांच दिनों में हल्के और मध्यम बादल छाए रहने का पूर्वानुमान
मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों में हल्के और मध्यम बादल छाए रहने का पूर्वानुमान जारी किया है। मौसमी गतिविधियों के मद्देनजर बारिश की कोई संभावना नहीं हैं। बता दें कि फरवरी माह में शुरू में ही बारिश से पिछले छह दिन से बढ़ी सर्दी कम होने का नाम नहीं ले रही है।