कानपुर में नई सड़क बवाल और हिंसा के दौरान ट्विटर पर कथित विवादित व भड़काऊ ट्वीट करने के मामले में ट्विटर मुख्यालय ने पुलिस को उन खातों के संबंध में कोई भी जानकारी देने से इनकार कर दिया है। पुलिस ने एक बार फिर से मेल भेज कर प्रयास किया है। नई सड़क हिंसा के मामले में पुलिस कमिश्नर ने चार एसआईटी जांच के लिए गठित की थीं।
Kanpur Violence: ट्विटर ने जानकारी देने से किया इनकार, दर्ज हुईं थीं दो एफआईआर,13 ट्विटर हैंडल्स बनाए गए थे आरोपी
हयात समेत 8 उपद्रवी अलग-अलग जेलों में शिफ्ट
जिलों में हिंसा व बवाल में शामिल सभी आरोपियों को अलग-अलग जिलों की जेल में शिफ्ट किया गया है। हयात जफर हाशमी को चित्रकूट, सूफियान को सोनभद्र, राहिल को पीलीभीत, जावेद अहमद को बस्ती, पीएफआई एजेंट उमर को खीरी जेल, मो. फैसल को सुलतानपुर, निजाम कुरैशी को देवरिया व सऊद कालिया को कासगंज जेल में शिफ्ट किया गया है। प्रयागराज में हुए उपद्रव के एक आरोपी को नैनी जेल से कानपुर जेल ट्रांसफर किया गया है।
एलआईयू सक्रिय, जुटा रही जानकारी
बवाल के मामले में जो आरोपी जेल भेजे गए हैं। अब एलआईयू उनके बारे में पल पल की खबर रख रही है। जेल में उनसे कौन मुलाकात करने जा रहा। कितनी देर तक मिला। सभी जानकारी जुटाई जा रही है। जेल प्रशासन भी इन आरोपियों से मिलाई करने वालों का ब्योरा तैयार कर रहा है।
बिल्डरों से पूछताछ, गुर्गों के नाम आए सामने
सूत्रों के मुताबिक हयात से जुड़े बिल्डरों पर शिकंजा कसना शुरू हो चुका है। वहीं, बिरयानी दुकान मालिक को भी एसआईटी ने नोटिस जारी कर बुलाया है। उसकी जगह बेटे ने हाजिर होकर पिता को बीमार बताया। इससे उस पर शक गहरा गया है। उधर शातिर अपराधी बाबर और अफजाल के करीब दस गुर्गों के नाम सामने आए हैं। उनकी भूमिका जांची जा रही है।
संवेदनशील इलाके कैमरों से लैस, 24 घंटे होगी निगरानी
नई सड़क पर बवाल और हिंसा के बाद पुलिस सतर्क हो गई है। हिंसा प्रभावित व संवेदनशील इलाकों को हाईटेक कैमरों से लैस किया गया है। कंट्रोल रूम के अलावा पुलिस के अफसर अपने मोबाइल व टैब से भी इन कैमरों के जरिये निगरानी कर रहे हैं। कई और ऐसे स्थान चिह्नित किए गए हैं, जहां कैमरे लगेंगे। बवाल के बाद पुलिस ने जब आरोपियों की पहचान के प्रयास शुरू किए थे, तो स्थानीय लोगों के घरों व दुकानों में लगे कैमरों के फुटेज जुटाए थे। मीडियाकर्मियों से भी फोटो व वीडियो लिए थे। मगर अब पुलिस ने नई सड़क, सद्भावना चौकी, यतीमखाना, दादामियां चौराहा, रूपम चौराहा और पेंचबाग के चप्पे-चप्पे को हाईटेक कैमरों से लैस कर दिया है।