Kanpur Violence: पुलिस कमिश्नर बोले-शहर आपका है, भाईचारा बनाए रखें, अफवाहों पर ध्यान न दें
कानपुर में पिछले जुमे हुए विवाद के बाद पुलिस और प्रशासन हर चीज पर नजर बनाए हुए है। पुलिस कमिश्नर से जनता से भाईचारा बनाए रखने की बात कही है। साथ ही, जुमे की नमाज पर सुरक्षा व्यवस्था समेत कई पहलुओं पर भी अपनी बात रखी।
विस्तार
कानपुर में पिछले जुमे पर हुए बवाल के बाद पुलिस ने सुरक्षा को लेकर कड़े इंतजाम किए हैं। संवेदनशील इलाकों में लगातार रूट मार्च जारी है। पुलिस प्रशासन के अफसर लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहे हैं। जुमे पर शुक्रवार को किस तरह के सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं, इस पर पुलिस कमिश्नर विजय सिंह मीणा ने विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शहर आपका (शहरवासियों का) है। भाईचारा बनाए रखना हर एक नागरिक की जिम्मेदारी है।
सोशल मीडिया पर विवादित पोस्ट न करें
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि सोशल मीडिया की निगरानी की जा रही है। वहीं, जो भी अराजक तत्व आपत्तिजनक विवादित पोस्ट कर रहे हैं, उन पर कार्रवाई की जा रही है। सीपी ने अपील की कि सोशल मीडिया पर इस तरह के पोस्ट बिल्कुल भी न करें। इस तरह के पोस्ट कर माहौल बिगाड़ने का जो भी काम करेगा, उस पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अफवाह न फैलाएं, तत्काल सूचना दें
बवाल के बाद से तरह तरह की अफवाहें फैलती रही हैं। बुधवार को सफाई के लिए पहुंचे बुलडोजर को देखकर लोग दहशत में आ गए थे। इस पर पुलिस कमिश्नर ने कहा कि सभी से अपील है कि अफवाह न फैलाएं। अगर किसी तरह की अफवाह फैलते है तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। अफवाह फैलाने वालों को भी चिन्हित करने का काम जारी है। उन पर भी कार्रवाई होगी।
मीडिया भी एहतियात बरते
सीपी ने कहा कि पिछले कुछ दिनों में कई भ्रामक खबरें फैली हैं। जानकारी देने के बावजूद ऐसी असत्य खबरें प्रकाशित भी कर दी गईं, जिससे लोगों में असमंजस की स्थिति बन जाती है। सीपी ने अपील करते हुए कहा कि संवेदनशील मामले में मीडिया को एहतियात बरतनी चाहिए। पुष्ट खबर ही प्रकाशित करें व टीवी या सोशल मीडिया पर चलाएं, ताकि माहौल खराब न हो।
नागरिकों की सुरक्षा, हमारी जिम्मेदारी
सीपी ने कहा कि जुमे की सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध है। सीसीटीवी कैमरों व ड्रोन से निगरानी की जा रही है। नागरिकों की सूचना पुलिस की पहली जिम्मेदारी है, जिसको हम पूरी तरह से निभाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।