विनीत मिनोचा हत्याकांड: साथ होकर भी 21 बार कॉल क्यों? बहू से सात तो बेटे से छह बार बात, सीडीआर से खुला राज
Kanpur Medicine Trader Murder: विनीत मिनोचा हत्याकांड में सीडीआर की जांच से कई हैरान करने वाले खुलासे हुए हैं। हत्यारोपी विशाल ने कत्ल से ठीक पहले नया सिम खरीदकर बहू शालू से सात और बेटे सुब्रत से छह बार बातचीत की। यही नहीं, वारदात के समय एक ही जगह मौजूद होने के बावजूद कातिल विशाल और उसके साथी राजकिशोर के बीच आपस में 21 बार फोन पर बात हुई।
विस्तार
कानपुर में दवा कारोबारी विनीत मिनोचा की हत्या के मामले में पुलिस की जांच अब बहू पर लगी बंदिशों के साथ बेटे की रजामंदी की ओर भी घूम गई है। पुलिस की पूछताछ के घेरे में कारोबारी का बेटा सुब्रत भी आ गया है। सोमवार देर शाम पुलिस ने सुब्रत व उसकी बहन शुभांगी के सामने सवालों की झड़ी लगा दी।
सूत्रों के अनुसार पहले ही सवाल ने सुब्रत के माथे पर चिंता की लकीरें खींच दीं। पुलिस ने उससे पूछा कि शालू तो जेल में कह रही है कि तुमने ही पापा को मरवाया है। यह सुनते ही सुब्रत ने पास में बोतल से पानी पीया। रुमाल से माथे का पसीना पोछते हुए बोला... वह सरासर झूठ बोल रही है। ऐसा होता तो विशाल शालू का नहीं मेरा नाम लेता।
पुराने नौकर और उसके साथी को गिरफ्तार किया था
बता दें छह सितंबर को तड़के विनीत का शव उनके फ्लैट में मिला था। पांच सितंबर की देर रात चाकू से गोदकर उनकी हत्या की गई थी। पुलिस ने विनीत के पुराने नौकर विशाल और उसके साथी राजकुमार को गिरफ्तार किया था। विशाल ने विनीत की बहू शालू पर छह लाख रुपये की सुपारी देने का आरोप लगाया था।
तकरीबन 15 से 20 सवाल किए गए
पुलिस ने शालू को हत्या की साजिश रचने के आरोप में जेल भेज दिया था। पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल के सामने ही सोमवार देर शाम करीब एक घंटे तक भाई-बहन से पूछताछ की गई। तकरीबन 15 से 20 सवाल किए गए, जिनके जवाबों को बतौर बयान की तरह डायरी में नोट किया गया है।
नए सिम से विशाल ने शालू से सात व सुब्रत से छह बार की बात
पुलिस की जांच में सामने आया कि विशाल ने तीन सितंबर को नया सिम खरीदा था और पांच की देर रात विनीत की हत्या की थी। इस दौरान इस नए सिम से विशाल ने जहां शालू से सात तो सुब्रत से भी छह बार बात की लेकिन हत्या के बाद उसने किससे और क्या बात की पुलिस अब बयानों से उसी का पता लगाने का प्रयास कर रही है। विशाल की तीन दिनों की कॉल डिटेल में एक नाम मीरपुर के किशन और दूसरा नाम नैतिक वर्मा का निकला। पुलिस दोनों का पता कर रही है।
साथ रहने पर भी क्यों की 21 मर्तबा कॉल
डाटा फिल्टरिंग में सबसे अधिक चौंकाने वाली बात यह रही कि घटनास्थल पर ही विशाल और वारदात में शामिल राजकिशोर के बीच करीब 21 बार बात हुई है। इससे पुलिस को लग रहा है कि दोनों एक साथ नहीं थे। दूर-दूर थे तो कहां थे और ऐसा उन्होंने क्यों किया। पुलिस को यह भी लग रहा है कि दोनों आरोपी फ्लैट में एक नहीं बल्कि दो बार दाखिल हुए हैं।
अभी केस की जांच खत्म नहीं हुई है। खुद मॉनीटरिंग कर रहा हूं। सच्चाई सामने लाई जाएगी। किसी निर्दोष पर कार्रवाई नहीं होगी। यही वजह है कि संदेह के सभी बिंदुओं को स्पष्ट करने का प्रयास किया जा रहा है। सुब्रत के अलावा परिवार के अन्य सदस्यों व उनके करीबियों से भी पूछताछ की जा सकती है। -रघुबीर लाल, पुलिस कमिश्नर