Kanpur: स्कूटी चुराते युवक को ग्रामीणों ने पकड़ा, पिटाई के बाद पुलिस को सौंपा, जांच शुरू
Kanpur News: नरवल के टौंस चौराहे पर स्कूटी चोरी करते युवक को ग्रामीणों ने रंगे हाथ पकड़कर पिटाई कर दी। इसके बाद पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।
विस्तार
कानपुर में नरवल थाना क्षेत्र के टौंस चौराहे पर गुरुवार दोपहर एक युवक स्कूटी चोरी करते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। ग्रामीणों ने दौड़ाकर उसे दबोच लिया और जमकर पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को ग्रामीणों से छुड़ाया और टौंस चौकी ले गई, जहां पूछताछ चल रही है।
महाराजपुर थाना क्षेत्र के फुफुवार निवासी प्रियांशु ने बताया कि वह काम के सिलसिले में टौंस आया था। उसने अपनी स्कूटी शराब ठेके के पास खड़ी की और सामान लेने चला गया। वापस लौटने पर स्कूटी गायब मिली जब वह टौंस चौराहे पहुंचा, तो देखा कि एक युवक उसकी स्कूटी लेकर भाग रहा था।
युवक से पूछताछ कर रही है पुलिस
उसने शोर मचाया, आवाज सुनते ही सैकड़ों ग्रामीण इकट्ठा हो गए और युवक को पकड़ लिया। ग्रामीणों ने युवक की जमकर धुनाई की और फिर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को हिरासत में लिया है। नरवल इंस्पेक्टर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।