Kanpur: पारिवारिक कलह और नशे से परेशान युवक ने दी जान, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
Kanpur News: महाराजपुर में नशे की लत और पारिवारिक कलह से परेशान एक युवक ने फंदा लगाकर जान दे दी। फंदा टूटकर गिरने से उसके सिर में गंभीर चोट लगी, जिससे उसकी मौत हो गई।
विस्तार
कानपुर में महाराजपुर थाना क्षेत्र के पुरवामीर गांव में एक युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में घर के अंदर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। जानकारी के मुताबिक, भोला सिंह (35) ने घर के टीन शेड के पाइप से पतली रस्सी के सहारे फंदा लगाया, जो टूट गया और वह नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
मृतक के पिता प्रहलाद सिंह ने बताया कि भोला बहुत ज्यादा शराब पीता था। इसी वजह से उसकी पत्नी शादी के छह महीने बाद ही मायके चली गई थी। शुक्रवार दोपहर को नशे में धुत भोला ने मारपीट कर अपने पिता को घर से निकाल दिया था, जिसके बाद वे रातभर गांव के बाहर एक बगीचे में रुके।
दरवाजे के पास खून पड़ा देखा
शनिवार सुबह करीब सात बजे जब प्रहलाद सिंह वापस घर लौटे, तो दरवाजे के पास खून पड़ा देखकर उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर देखा तो भोला का शव औंधे मुंह जमीन पर पड़ा था और चेहरे से खून बह रहा था। मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने बताया कि पतली रस्सी होने के कारण फंदा टूट गया, जिससे भोला नीचे गिर गया और चेहरे पर चोट लगने से अत्यधिक खून बहने लगा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।