Kanpur Train Accident: भाऊपुर में बेपटरी कोच ट्रैक से हटाए गए, क्षतिग्रस्त रेल लाइन की मरम्मत जारी
Kanpur News: भाऊपुर रेलवे स्टेशन के आउटर के पास बेपटरी हुए दो कोचों को देर शाम ट्रैक से हटाकर यार्ड में खड़ा कर दिया गया है। अब रेलवे कर्मचारियों द्वारा क्षतिग्रस्त ट्रैक की मरम्मत का काम तेजी से किया जा रहा है, ताकि जल्द से जल्द इस रूट पर ट्रेनों का संचालन सामान्य किया जा सके।
विस्तार
कानपुर में मुजफ्फरपुर से अहमदाबाद जा रही ट्रेन नंबर 15268 जनसाधारण एक्सप्रेस शुक्रवार शाम भाऊपुर स्टेशन के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। स्टेशन से करीब 300 मीटर पहले ट्रेन के इंजन से छठा व सातवां कोच बेपटरी हो गया। ट्रेन के पहियों से चिंगारी और धुआं उठने के कारण आग लगने की अफवाह फैल गई, जिससे घबराकर यात्री कूदने लगे। इस हादसे में पांच यात्री घायल हो गए।
घटना शुक्रवार शाम करीब 4:15 बजे की है, जब ट्रेन को एक दूसरी ट्रेन को रास्ता देने के लिए लूप लाइन पर लिया जा रहा था। इसी दौरान ट्रेन के दो कोच बेपटरी हो गए। ट्रेन की गति करीब 25 किलोमीटर प्रतिघंटा होने के कारण एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, हिचकोले लगने और चिंगारी उठने पर यात्रियों में भगदड़ मच गई।
जांच के लिए एक कमेटी गठित
लोको पायलट ने तुरंत ट्रेन रोककर कंट्रोल रूम को सूचना दी। एक घंटे के भीतर राहत कार्य शुरू किया गया और घायल यात्रियों को शिवली सीएचसी भेजा गया। करीब सवा छह घंटे बाद इस रूट पर ट्रेन संचालन बहाल हो सका। रेलवे कर्मचारियों ने बेपटरी हुए कोचों को हटाकर यार्ड में खड़ा किया और क्षतिग्रस्त ट्रैक की मरम्मत का काम शुरू कर दिया है। रेलवे ने मामले की जांच के लिए एक कमेटी गठित की है।