कानपुर: कारोबारी के घर लाखों की चोरी का खुलासा, 17 साल का बाल अपचारी गिरफ्तार, नकदी समेत ये सामान बरामद
Kanpur News: फीलखाना थाना क्षेत्र अंतर्गत घुमनी बाजार में कारोबारी के घर लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने गणेश शंकर विद्यार्थी पार्क के पास से 17 वर्षीय बाल अपचारी को गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर 3.19 लाख रुपये नकदी और भारी मात्रा में चांदी के जेवर व बिस्किट बरामद किए हैं।
विस्तार
कानपुर में फीलखाना थाना क्षेत्र के घुमनी बाजार में कारोबारी के घर का ताला तोड़कर लाखों का माल चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया। पुलिस ने गणेश शंकर विद्यार्थी पार्क के पास से 17 वर्षीय बाल अपचारी को पकड़ा। उसकी निशानदेही पर कुली बाजार में पुराने बंद मकान के पास छिपाकर रखा चोरी का माल बरामद किया गया। बरामद सामान की कारोबारी की पत्नी ने पहचान की है।
घुमनी बाजार निवासी संगीता अग्रवाल ने 13 सितंबर को फीलखाना थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उनके अनुसार सुबह साढ़े छह बजे वह किचन से सामान लेने कमरे में पहुंचीं, तो दरवाजे का ताला टूटा मिला। अलमारी से चांदी के टुकड़े, 20 चांदी के सिक्के और तीन लाख से ज्यादा नकदी गायब मिली। इसके बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की।
मुखबिर की सूचना पर आरोपी को पकड़ा
फीलखाना थाना प्रभारी रीना सिंह के मुताबिक, सुरागरसी और मुखबिर की सूचना पर 18 सितंबर को गणेश शंकर विद्यार्थी पार्क के पास से आरोपी को पकड़ा गया। उसकी निशानदेही पर चोरी का माल बरामद हुआ। बरामदगी में 3,19,007 रुपये नकद, 135 दिरहम, 740 ग्राम वजन के चार सफेद धातु के बिस्किट, 20 पायल, तीन पायजेब, 85 बिछिया, विभिन्न आभूषण और सफेद धातु के घरेलू सामान शामिल हैं।
संदेह में युवक को उठाने पर हुआ था हंगामा
इसके अलावा 13 सफेद धातु के सिक्के, 66 अन्य सिक्के और संयुक्त अरब अमीरात की मुद्रा के नौ सिक्के भी मिले। बरामद सामान में दो गिलास, चाकू, लॉकेट और अन्य धातु की वस्तुएं भी शामिल हैं। चोरी के इसी मामले में पुलिस ने अमन नाम के युवक को संदिग्धता के आधार पर पूछताछ के लिए उठाया था। इसकी जानकारी पर सपा विधायक अमिताभ बाजपेई ने चौकी पहुंचकर करीब आठ घंटे हंगामा किया था।
तीन मुकदमों में नाम दर्ज
विधायक ने अमन को बेगुनाह बताते हुए उसे छोड़ने की मांग की थी। बाद में पुलिस ने अब बाल अपचारी को चोरी के माल के साथ पकड़कर मामले के खुलासे का दावा किया है। पुलिस के अनुसार बाल अपचारी के खिलाफ फीलखाना के मौजूदा मुकदमे के अलावा बादशाहीनाका थाने में वर्ष 2026 और कलक्टरगंज थाने में वर्ष 2025 में चोरी व चोरी का माल बरामद होने से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं।