Kanpur: रेलवे ट्रैक पर शॉर्टकट पड़ा भारी, ट्रेन की चपेट में आकर फैक्टरी कर्मी की मौत, परिजनों में मचा कोहराम
Kanpur News: पनकी क्षेत्र में शॉर्टकट अपनाकर रेलवे ट्रैक पार कर रही फैक्टरीकर्मी रीता कुश्वाहा की ट्रेन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतका परिवार की आर्थिक मदद के लिए फैक्टरी में काम करती थी और रोजाना समय व किराया बचाने के लिए रेलवे ट्रैक से होकर आती-जाती थी।
विस्तार
कानपुर में शॉर्टकट के चक्कर में रेलवे ट्रैक पार कर रहीं फैक्टरीकर्मी रीता कुश्वाहा (44) की ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो गई। वह अपने बच्चों की पवरिश और घर का खर्च चलाने के लिए वर्षों से फैक्टरी में काम कर रही थीं। आठ किमी का चक्कर बचाने के लिए वह रेलवे ट्रैक पर चार किमी का शॉर्टकट अपनाती थीं।
शुक्रवार को यही शाॅर्टकट रीता की जिंदगी का आखिरी सफर बन गया। रावतपुर के मसवानपुर निवासी मनोज कुमार मजदूरी करते हैं। परिवार में पत्नी रीता, बेटियां संध्या, राशि, अंजू तथा बेटा शिवा है। मनोज ने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति को संभालने के लिए रीता नौरैयाखेड़ा स्थित एक फैक्टरी में काम कर रही थीं।
झांसी लाइन रेलवे ट्रैक का रास्ता पकड़ लिया
फैक्टरी से घर आने-जाने में सामान्य रास्ते से करीब आठ किलोमीटर का चक्कर पड़ता था। रोज किराया देना पड़ता और घर पहुंचने में भी काफी समय लगता था। रीता के लिए कुछ रुपये का किराया और करीब एक घंटे का अतिरिक्त सफर भी मायने रखता था। उन्होंने नहर के ऊपर से झांसी लाइन रेलवे ट्रैक का रास्ता पकड़ लिया। इस रास्ते से दूरी लगभग चार किलोमीटर रह जाती थी।
ट्रेन की टक्कर लगने से गई है जान
रीता अकेली नहीं थीं बल्कि आसपास के कई लोग इसी रास्ते से आवाजाही करते थे। शुक्रवार को भी वह फैक्टरी से इसी रास्ते घर लौट रही थीं। नौरैयाखेड़ा में झांसी लेन पर ट्रैक से निकलते समय रीता की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। पनकी इंस्पेक्टर दिनेश सिंह बिष्ट ने बताया कि ट्रेन की टक्कर लगने से महिला की जान गई है।