कानपुर: शादी की सालगिरह पर खौफनाक कदम, मां ने मासूम बेटी को नीचे फेंका, फिर खुद लगाई छलांग, पढ़ें पूरा मामला
Kanpur News: गुजैनी थाना क्षेत्र के मर्दनपुर में शादी की तीसरी सालगिरह की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं जब पारिवारिक विवाद के बाद 20 वर्षीय विवाहिता ने अपनी 14 माह की मासूम बेटी को दूसरी मंजिल से नीचे फेंक दिया।
विस्तार
कानपुर में गुजैनी थाना क्षेत्र के मर्दनपुर में शादी की तीसरी सालगिरह की खुशियां देर रात मातम में बदल गईं। पारिवारिक विवाद के बाद रोशनी (20) अपनी 14 माह की बेटी को लेकर दूसरी मंजिल पर पहुंचीं। परिजन के मुताबिक, उन्होंने बच्ची को नीचे फेंक दिया। नीचे मौजूद पति नूर आलम ने हाथ फैलाकर उसे पकड़ लिया, जिससे उसकी जान बच गई।
इसके बाद रोशनी ने भी दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी। गंभीर हालत में उन्हें हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दो दिन तक इलाज चलने के बाद रविवार सुबह उनकी मौत हो गई। गुजैनी के मर्दनपुर निवासी नूर आलम सिलाई का काम करते हैं। सात अक्तूबर को उनकी शादी की तीसरी सालगिरह थी।
नूर आलम और ईशरत के बीच हो गई कहासुनी
इस मौके पर पत्नी रोशनी की बड़ी बहन ईशरत भी घर आई थीं। परिवार ने साथ में केक काटा और खाना खाया। देर रात किसी बात को लेकर नूर आलम और ईशरत के बीच कहासुनी हो गई। नाराज होकर ईशरत घर से जाने लगीं। रोशनी ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन वह जाने की जिद पर अड़ी रहीं। इसके बाद रोशनी बच्ची को लेकर दूसरी मंजिल पर चली गईं।
बड़ी बहन के जाने से नाराज होकर उठाया कदम
परिजनों के मुताबिक, ईशरत के घर से जाने से नाराज रोशनी ने दूसरी मंजिल से पहले अपनी 14 माह की बेटी को नीचे फेंक दिया। नीचे मौजूद नूर आलम ने हाथ फैलाकर बच्ची को पकड़ लिया। इसके तुरंत बाद रोशनी ने भी छलांग लगा दी। अचानक हुई घटना से घर में चीख-पुकार मच गई। परिजन दोनों को तत्काल निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। बच्ची की हालत खतरे से बाहर बताई गई, जबकि रोशनी गंभीर रूप से घायल थीं।
दो दिन तक चला इलाज, नहीं बची जान
निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद रोशनी को नौ अक्तूबर को हैलट रेफर कर दिया गया। यहां दो दिन तक उनका उपचार चला, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ। रविवार सुबह डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। गुजैनी पुलिस ने जांच के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गुजैनी थाना प्रभारी राजन शर्मा ने बताया कि परिजनों की ओर से अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है।