Kanpur: कत्था कारोबारी के कानपुर, उन्नाव समेत पांच प्रतिष्ठानों पर एसजीएसटी का छापा
Kanpur News: टीम को स्टॉक में करोड़ों की हेरफेर मिली है। मौके पर 35 लाख रुपये जमा कराए गए। आगे की जांच जारी है।
विस्तार
एसजीएसटी के 18 अफसरों की टीम ने कत्था कारोबारी के कानपुर, उन्नाव समेत पांच प्रतिष्ठानों पर छापा मारा। छापे में करोड़ों रुपये के स्टाॅक में गड़बड़ी मिली है। स्टाॅक और दस्तावेजों में खरीद-बिक्री में बड़ा अंतर मिला। 48 घंटे तक चली छापे की कार्रवाई के बाद कत्था कारोबारी ने कर चोरी स्वीकारते हुए मौके पर 35 लाख रुपये जमा किए। वहीं, आगे की जांच जारी है। टीमों ने बड़े पैमाने पर दस्तावेज और माल जब्त किया है। फर्म कत्था उत्पादन के साथ ही ट्रेडिंग का बड़ा काम करती है।
अपर आयुक्त ग्रेड 1 सैमुअल पॉल एन, अपर आयुक्त ग्रेड दो (एसआईबी) संजय पाठक और संयुक्त आयुक्त (एसआईबी) ज्ञान प्रकाश सिंह की अगुवाई में विभाग के अफसरों की टीमों ने कत्था निर्माता की फर्म उपमन्यु कत्था इंडस्ट्रीज उन्नाव के साथ ही उसकी सहयोगी फर्मों उपमन्यु ट्रेडिंग कंपनी, उपमन्यु इंटरप्राइजेज के पांच प्रतिष्ठानों पर छापा मारा। नयांगज, नौघड़ा, काहूकोठी, मोतीमोहाल स्थित गोदाम और ट्रेडिंग स्थल पर एक साथ कार्रवाई की गई। फर्मों के रिकाॅर्डों में स्टाॅक बुक, इनवाइसों, उत्पादन रजिस्टर आदि की जांच-पड़ताल ही गई। लेखा पुस्तकों में घोषित स्टाॅक और मौके पर पाए गए स्टाॅक में भारी अंतर पाया गया। करीब तीन से चार करोड़ का अंतर अब तक की जांच में मिला है। आगे की जांच में यह आंकड़ा और भी बढ़ सकता है।