Kanpur: सड़क है या तालाब? गड्ढे में पलटने से बची स्कूली बस, खंती में लटकी मासूमों की सांसे, बाल-बाल बची जान
Kanpur News: सरसौल ब्लॉक में खस्ताहाल सड़कों के कारण एक स्कूली बस अनियंत्रित होकर खंती में गिर गई। गनीमत रही कि चालक की सूझबूझ से बस में सवार बच्चे सुरक्षित बच गए।
विस्तार
कानपुर में सरसौल ब्लॉक के महुआगांव के मजरा घाघूखेड़ा में गुरुवार सुबह एक स्कूली बस अनियंत्रित होकर पलटते-पलटते बची। हादसा होते-होते टल गया, वरना बस में सवार तीन बच्चों के साथ बड़ा हादसा हो सकता था। जानकारी के अनुसार, बस डोमनपुर से बच्चों को लेकर घाघूखेड़ा गांव में सुखपाल यादव के बच्चे लेने जा रही थी।
इसी दौरान पिछले पहिए का संतुलन बिगड़ा और बस सड़क किनारे बनी खंती में जा गिरी। गनीमत रही कि चालक ने सूझबूझ दिखाकर बस संभाल ली। ग्रामीणों का कहना है कि इस पूरे मार्ग की हालत बेहद खराब है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हैं और बारिश का पानी भर जाने से रास्ता तालाब जैसा दिखने लगा है।
सड़क पर भर जाता है दो फीट तक पानी
सामान्य दिनों में भी यहां से निकलना मुश्किल होता है और बरसात में स्थिति और भयावह हो जाती है। तालाब के पास घाघूखेड़ा की सड़क पूरी तरह कट चुकी है। उसकी मिट्टी भराई तक नहीं हुई है। यही हाल महुआगांव से डोमनपुर रोड का है। यहां सड़क पर दो फीट तक पानी भर जाता है और पूरा मार्ग टापू बन जाता है।
तत्काल मरम्मत कराने की मांग
ग्रामीणों ने बताया कि कई बार शिकायत की गई, लेकिन बदहाल सड़क की सुध लेने वाला कोई नहीं है। आए दिन हादसे की आशंका बनी रहती है। लोगों ने प्रशासन से मांग कि है कि घाघूखेड़ा और महुआगांव-डोमनपुर मार्ग की तत्काल मरम्मत कराई जाए और जलनिकासी की व्यवस्था की जाए, ताकि स्कूली बच्चों और ग्रामीणों की जान को खतरा न रहे।