Kanpur: किशोरी की हत्या की अफवाह से हड़कंप, अंतिम संस्कार के वक्त घाट पहुंची पुलिस; परिजनों ने दिखाई रिपोर्ट
Kanpur News: नरवल थानाक्षेत्र में मंगलवार को किशोरी की हत्या किए जाने और अंतिम संस्कार की अफवाह से हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस श्मशान घाट पहुंची, जहां परिजनों ने बताया कि छात्रा की मौत एलर्जी और पेट की बीमारी के इलाज के दौरान हुई है।
विस्तार
कानपुर में नरवल थाना क्षेत्र के हृदय खेड़ा गांव से मंगलवार को एक अनजान शख्स द्वारा किशोरी को जहर देकर मारने और उसके शव का अंतिम संस्कार किए जाने की सूचना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही नरवल पुलिस तुरंत श्मशान घाट पहुंची, जहां हिंदू रीति-रिवाज के साथ अंतिम संस्कार किया जा रहा था।
किशोरी (14) गांव के ही विद्यालय में नौवीं की छात्रा थी। छात्रा के पिता ने बताया कि उनकी बेटी करीब डेढ़ वर्ष से एलर्जी और पेट की बीमारी से ग्रस्त थी। उसका इलाज सरसौल के बाद शहर के निजी अस्पताल में चल रहा था। मंगलवार को अचानक तबीयत खराब होने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
आत्महत्या करने या जहर देकर मारने की अफवाह उड़ाई
इसके बाद वे अंतिम संस्कार के लिए घाट आए थे। पिता ने बताया कि घाट पर पहुंची पुलिस से ही उन्हें जानकारी मिली कि किसी ने फांसी लगाकर आत्महत्या करने या जहर देकर मारने की अफवाह उड़ाई है। सच्चाई बताने के बाद पुलिस वहां से वापस लौट गई थी। नरवल थाना प्रभारी अखिलेश कुमार पाल ने बताया कि पहले किसी अनजान शख्स ने फोन पर जहर देकर मारने की बात बताई थी।
इलाज से संबंधित मेडिकल कागजात भी दिखाए
उस शख्स से दोबारा बातचीत का प्रयास किया गया, लेकिन उसका मोबाइल बंद है। गांव के कुछ लोगों ने फांसी लगाकर जान देने की अफवाह भी उड़ाई थी, लेकिन वह भी सही नहीं निकली। पुलिस घाट पर गई थी, लेकिन तब तक अंतिम संस्कार हो चुका था। परिजनों द्वारा लड़की के इलाज से संबंधित मेडिकल कागजात भी दिखाए गए हैं। पुलिस का कहना है कि वे प्रकरण की जांच कर रहे हैं और जो तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।