सख्ती: रिन्यू न कराने पर 551 वाहनों के परमिट होंगे निरस्त, संभागीय परिवहन प्राधिकरण की बैठक में लिया गया फैसला
Kanpur News: परिवहन प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि स्थायी स्टेज कैरिज, कानपुर नगर बस परमिट, स्कूल बसों, वैन, टेंपो और ऑटो रिक्शा के वे परमिट जिनकी वैधता पांच वर्ष से अधिक समय पूर्व समाप्त हो चुकी है और जिनका नवीनीकरण नहीं कराया गया। उन मामलों पर विचार कर परमिट निरस्तीकरण का निर्णय लिया गया है।
विस्तार
कानपुर में पांच वर्षों में परमिट रिन्यू नहीं कराने वाले 551 वाहन स्वामियों का परमिट निरस्त किए जाएंगे। यह फैसला बुधवार को मंडलायुक्त शिविर कार्यालय में संभागीय परिवहन प्राधिकरण की बैठक में लिया गया। इस दौरान सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने, नियमों का सख्ती से पालन कराने व लंबित परमिट प्रकरणों पर चर्चा की गई। जिन रूटों पर अभी सार्वजनिक बसें नहीं चल रही हैं।
वहां बस संचालन की संभावना तलाशने और जरूरत के अनुसार प्रस्ताव तैयार करने, सिटी बसों की संख्या बढ़ाने, 28 सीटर बसों के संचालन करने का निर्णय लिया गया। साथ ही जहां आवश्यकता हो, वहां अनुबंध के माध्यम से बसें चलाने की बात कही गई। प्रवर्तन की कार्रवाई तेज करने के साथ ही उसमें आधुनिक तकनीक का उपयोग करने पर जोर दिया गया। तय हुआ कि जिन वाहन चालकों के तीन या उससे अधिक बार चालान हो चुके हैं।
सात वाहनों का निरस्त किया जा चुका है पंजीकरण
उनके ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने के लिए अभियान चलाया जाएगा। बताया गया कि इस वित्तीय वर्ष में ओवरलोडिंग के कारण सात वाहनों का पंजीकरण निरस्त किया जा चुका है। परिवहन प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि स्थायी स्टेज कैरिज, कानपुर नगर बस परमिट, स्कूल बसों, वैन, टेंपो और ऑटो रिक्शा के वे परमिट जिनकी वैधता पांच वर्ष से अधिक समय पूर्व समाप्त हो चुकी है और जिनका नवीनीकरण नहीं कराया गया। उन मामलों पर विचार कर परमिट निरस्तीकरण का निर्णय लिया गया है।
आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
अब तक ऐसे 3,430 वाहनों का पंजीकरण निरस्त किया जा चुका है और आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। जिन बसों का संचालन अंर्तसंभागीय मार्गों पर बिना प्रति हस्ताक्षर कराए किया जा रहा था। उनके परमिट धारकों से शमन शुल्क और प्रति हस्ताक्षर शुल्क जमा कराने के बाद कार्रवाई की जाएगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी डॉ. राजेश कुमार, उप परिवहन आयुक्त आरआर सोनी, आरटीओ प्रशासन राकेंद्र कुमार सिंह, आरटीओ प्रवर्तन राहुल श्रीवास्तव, एआरएम रोडवेज रामलवट व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
28 दिव्यांगों को परमिट देने पर होगा विचार
बैठक के दौरान पनकी स्थित भारत दिव्यांग सेवा कार्यालय के राष्ट्रीय संस्थापक व अध्यक्ष प्रदीप श्रीवास्तव के 28 दिव्यांगों को कानपुर-शुक्लागंज-उन्नाव के बीच सीएनजी ऑटो-रिक्शा व टेंपो परमिट दिए जाने की मांग पर भी चर्चा की गई। तय हुआ कि इस पर विचार किया जाएगा।