Kanpur: चलती पूर्वा एक्सप्रेस से गिरा यात्री, ट्रेन-प्लेटफॉर्म के बीच फंसा, RPF दरोगा की फुर्ती से टला हादसा
Kanpur News: कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर चलती पूर्वा एक्सप्रेस से उतरते समय एक यात्री ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंस गया था, जिसे आरपीएफ एसआई अनिल कुमार गौतम ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना का सीसीटीवी वीडियो वायरल हो रहा है।
विस्तार
कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के एक उपनिरीक्षक की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक यात्री की जान बच गई। चलती पूर्वा एक्सप्रेस से उतरने के प्रयास में यात्री ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच जा गिरा, लेकिन मौके पर मौजूद आरपीएफ कर्मी ने कुछ ही सेकेंड में उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। जानकारी के अनुसार गाड़ी संख्या 12382 पूर्वा एक्सप्रेस सोमवार रात प्लेटफॉर्म संख्या-पंाच पर पहुंची थी।
इसी दौरान एक यात्री ने ट्रेन के पूरी तरह रुकने से पहले उतरने का प्रयास किया। संतुलन बिगड़ने से वह ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंस गया। गिरने के बावजूद यात्री ने ट्रेन के दरवाजे का हैंडल पकड़ रखा था, जबकि ट्रेन धीरे-धीरे आगे बढ़ रही थी। ऐसे में किसी भी समय गंभीर दुर्घटना हो सकती थी। प्लेटफॉर्म पर ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ उपनिरीक्षक अनिल कुमार गौतम की नजर जैसे ही यात्री पर पड़ी।
घटना स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद
उन्होंने तत्काल दौड़ लगाई और ट्रेन तथा प्लेटफॉर्म के बीच फंसे यात्री का हाथ पकड़कर सुरक्षित बाहर खींच लिया। उनकी तत्परता के चलते यात्री पूरी तरह सुरक्षित बच गया। घटना स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई। करीब 21 सेकेंड के वीडियो में देखा जा सकता है कि यात्री चलती ट्रेन से उतरते समय फंस जाता है और कुछ ही पलों में आरपीएफ उपनिरीक्षक उसे बाहर निकाल लेते हैं।
सभी प्लेटफॉर्म पर सुरक्षा कर्मियों की तैनाती
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यदि बचाव में कुछ सेकेंड की भी देरी होती, तो गंभीर हादसा हो सकता था। घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे कभी भी चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें। आरपीएफ इंस्पेक्टर एसएन पाटीदार ने बताया कि स्टेशन के सभी प्लेटफॉर्म पर सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की जाती है। ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान के दौरान विशेष निगरानी रखी जाती है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।