कानपुर: जिला बदर अपराधी चार माह बाद शहर में मिला, मैनावती मार्ग से दबोचा गया शातिर, पुलिस व्यवस्था पर उठे सवाल
Kanpur News: छह महीने के लिए जिला बदर किया गया अपराधी सुजल निषाद महज चार महीने के भीतर ही शहर में वापस आ गया। नवाबगंज पुलिस ने उसे मैनावती मार्ग से गिरफ्तार कर लिया है, जिससे पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
विस्तार
कानपुर में छह महीने के लिए जिला बदर किए गए अपराधी को कानपुर की सीमा से बाहर रखने और उसकी निगरानी करने की पुलिसिया व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। जिला बदर आदेश का विधिक तामीला कराने के महज चार महीने बाद ही अपराधी शहर में मिल गया। बुधवार को नवाबगंज पुलिस ने उसे मैनावती मार्ग पर ख्योरा स्थित जेप्टो स्टोर के पास से गिरफ्तार किया।
नवाबगंज के सुखऊपुरवा निवासी सुजल निषाद को न्यायालय ने 29 जुलाई 2026 को छह महीने के लिए कानपुर नगर की सीमा से जिला बदर किया था। वाद संख्या 79/26 में उत्तर प्रदेश गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत पारित आदेश का विधिक तामीला सात नवंबर को कराया गया। इसके बावजूद 11 नवंबर को वह शहर में मिल गया।
निगरानी व्यवस्था पर भी उठे सवाल
पुलिस ने उसके खिलाफ नवाबगंज थाने में मुकदमा अपराध संख्या 204/26 धारा 10 उत्तर प्रदेश गुंडागर्दी नियंत्रण अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, सुजल के खिलाफ नवाबगंज थाने में पहले से पांच मुकदमे दर्ज हैं। इनमें मारपीट, धमकी, एससीएसटी एक्ट और आर्म्स एक्ट की धाराएं शामिल हैं। जिला बदर होने के बावजूद शहर में उसकी मौजूदगी पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करती है।