Kanpur: शुक्लागंज में 13 करोड़ की लागत से बनेगा नगर पालिका का नया भवन, लखनऊ की टीम ने किया निरीक्षण
Kanpur News: शुक्लागंज में गंगाघाट नगर पालिका का 13 करोड़ की लागत से एक नया तीन मंजिला भवन बनाया जाएगा, जिसके लिए लखनऊ से आई टीम ने निरीक्षण किया है। यदि सब ठीक रहा तो, इस आधुनिक भवन का निर्माण कार्य दो महीने के भीतर शुरू होने की उम्मीद है।
विस्तार
कानपुर के शुक्लागंज में मरहला चौराहे के पास करीब दो बीघा सरकारी जमीन पर 13 करोड़ की लागत से गंगाघाट नगर पालिका कार्यालय की तीन मंजिला भवन बनेगा। शुक्रवार को लखनऊ के स्थानीय निकाय निदेशालय की प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग यूनिट टीम के सदस्यों ने स्थलीय निरीक्षण किया। इसकी रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। टेक्निकल कमेटी के जांच के बाद बजट आवंटित किया जाएगा। सबकुछ ठीकठाक रहा तो दो महीने के अंदर काम शुरू होने की उम्मीद है।
लखनऊ स्थानीय निकाय निदेशालय से आई तीन सदस्यीय कमेटी ने मरहला चौराहा स्थित नगर पालिका की दो बीघा जमीन का निरीक्षण किया। टीम के साथ मौजूद ईओ मुकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि वैश्विक नगर योजना प्रोजेक्ट के अंतर्गत पालिका गंगाघाट से शासन को पालिका के लिए नये भूखंड बनाए जाने की मांग को लेकर प्रस्ताव भेजा गया था, जो स्वीकृत हो गया है। करीब 13 करोड़ की लागत से तीन मंजिला भवन बनेगा।
नए भवन में ये होंगी सुविधाएं
वहां राजधानी मार्ग स्थित पुरानी पालिका का विभागीय स्टाफ शिफ्ट किया जाएगा। निर्माण कार्य जल्द शुरू हो सके, इसके लिए लखनऊ निदेशालय से टीम आई। टीम ने निर्माण कार्य के लिए उपयुक्त स्थान होने की बात कही है। टीम के सदस्यों ने बताया कि निरीक्षण की रिपोर्ट निदेशालय के माध्यम से शासन को भेजी जाएगी। इसके बाद स्टेट टेक्निकल कमेटी जांच करेगी। वहीं, पालिका के जेई घनश्याम मौर्य ने बताया कि पालिका के नए भवन में बेसमेंट पार्किंग, आसपास ग्रीन गार्डेन, कैंटीन, फरियादियों के बैठने के लिए वेटिंग रूम आदि की सुविधा होगी।