Kanpur: हैलट में खुलेगा नया कैंसर हॉस्पिटल, तीन बेसमेंट मिलाकर हो सकता है 10 तल का, 1400 करोड़ का है प्रस्ताव
Kanpur News: मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजय काला ने बताया कि शासन से कैंसर अस्पताल के संबंध में प्रस्ताव मांगा गया था। इस पर 1400 करोड़ का प्रस्ताव भेजा गया। इसके बाद अब अस्पताल का खाका तैयार कर लिया गया। नए कैंसर अस्पताल के भवन के लिए दो से ढाई हजार वर्ग मीटर भूमि चाहिए।
विस्तार
कानपुर के हैलट में कैंसर का नया हॉस्पिटल खुलेगा। इसमें कैंसर रोगियों को मर्ज से जुड़ी विभिन्न विशेषज्ञताओं का इलाज मिलेगा और जांच की अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। नया कैंसर अस्पताल तीन बेसमेंट मिलाकर 10 तल का होगा। इसी अस्पताल में जेके कैंसर इंस्टीट्यूट का विलय हो जाएगा। जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज और कैंसर इंस्टीट्यूट प्रबंधन ने 1400 करोड़ का प्रस्ताव शासन को भेजने के बाद नए अस्पताल का खाका भी तैयार कर लिया गया।
अस्पताल के भवन के लिए हैलट परिसर में ढाई हजार वर्ग मीटर भूमि चिह्नित कर ली गई है। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजय काला ने बताया कि शासन से कैंसर अस्पताल के संबंध में प्रस्ताव मांगा गया था। इस पर 1400 करोड़ का प्रस्ताव भेजा गया। इसके बाद अब अस्पताल का खाका तैयार कर लिया गया। नए कैंसर अस्पताल के भवन के लिए दो से ढाई हजार वर्ग मीटर भूमि चाहिए।
जेके कैंसर इंस्टीट्यूट का हो जाएगा विलय
कैंसर इंस्टीट्यूट परिसर के सामने इतनी भूमि नहीं है। इससे हैलट परिसर में भूमि चिह्नित कर ली गई है। उन्होंने बताया कि जेके कैंसर इंस्टीट्यूट का इसमें विलय हो जाएगा। इंस्टीट्यूट की फैकल्टी और सारा स्टॉफ ही इसमें रहेगा। इसके साथ ही नए स्टाफ के लिए पद सृजित किए जाएंगे। नए अस्पताल के भवन के लिए 500 करोड़ रुपये, उपकरणों के लिए 500 करोड़ और 300 करोड़ डॉक्टरों, नर्सों आदि के हॉस्टल निर्माण के लिए बजट रखा गया है।
22 मार्च को डीजीएमई को भेजा जा चुका है पत्र
इसके अलावा 120 करोड़ रुपये प्रति वर्ष स्टाफ के वेतन के लिए मांगे गए हैं। डॉ. काला ने बताया कि अभी जेके कैंसर इंस्टीट्यूट में सिर्फ रेडियोथैरेपी भर हो रही है। नए अस्पताल में रोगियों के लिए सुविधाएं बढ़ेंगी। कैंसर से जुड़ी विभिन्न विशेषज्ञताओं के विशेषज्ञों के पद सृजित किए जाएंगे। इसके साथ ही अत्याधुनिक जांचों का दायरा बढ़ेगा। उन्होंने बताया कि इस संबंध में प्रमुख सचिव, डीजीएमई को भी 22 मार्च को पत्र भेजा जा चुका है।
खाका
- तीन बेस मेंटः दो में वाहन पार्किंग, एक में रेडियोथैरेपी।
- सात तलों पर अलग-अलग स्पेशियलिटी, वार्ड और जांचों की मशीनें।
- अस्पताल में आठ मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर होंगे।
रोगियों को होगा यह फायदा
- अस्पताल में पेट स्कैन की जांच होगी।
- एडवांस लीनियर एक्सीलेटर से मिलेगी रेडिएशन थैरेपी।
- नया न्यूक्लियर मेडिसिन विभाग खुलेगा।
- ऑन्कोलॉजिस्ट, फिजिसिस्ट, रेडियोलॉजिस्ट नए विशेषज्ञों की भर्ती होगी, रोगियों को इलाज मिलेगा।