Kanpur: फ्लाईओवर पर बस बनी आग का गोला, पुलिसकर्मियों ने लपटों में घुसकर 45 यात्रियों को बचाया, 10KM जाम लगा
Kanpur News: रामादेवी फ्लाईओवर पर दिल्ली से वाराणसी जा रही स्लीपर बस में आग लगने से बस और यात्रियों का सारा सामान जल गया। पुलिसकर्मियों की तत्परता से बस में सवार 45 यात्रियों की जान बच गई, लेकिन हाईवे पर 10 किलोमीटर से अधिक लंबा जाम लग गया।
विस्तार
कानपुर में दिल्ली से यात्रियों को लेकर वाराणसी जा रही स्लीपर बस में शुक्रवार की सुबह संदिग्ध हालात में आग लग गई, जिसकी वजह से बस और उसमें रखा सारा सामान जल गया। यह हादसा रामादेवी के नजदीक दिल्ली-प्रयागराज फ्लाईओवर पर हुआ। आग एकदम से लगी थी और उस समय यात्री नींद में थे। पुलिसकर्मियों ने सभी को खींच-खींचकर बाहर उतारा, जबकि उन्हें सामान तक बाहर निकालने का मौका नहीं मिल सका।
घटना के बाद फ्लाईओवर पर करीब 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिसको सही होने में पांच घंटे से अधिक समय लगा। फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियों ने पुलिस और ट्रैफिक पुलिस के साथ मिलकर आग पर काबू पाया। वाराणसी के पलक ट्रैवल्स की स्लीपर बस यूपी 65 पीटी 9504 गुरुवार की रात को दिल्ली से वाराणसी जाने के लिए रवाना हुई। बस में लगभग 45 यात्री सवार थे। यात्रियों के मुताबिक चालक ने बस की छत पर काफी सामान रख दिया था, जबकि पहियों के पास यात्रियों का सामान रखवा दिया।
चालक बस को फ्लाईओवर पर खड़ा करके भाग निकला
स्लीपर बस भौंती सचेंडी फ्लाईओवर पर जा रही थी। शुक्रवार की सुबह करीब साढ़े दस बजे रामादेवी के नजदीक मंगला विहार पुलिया पर बस जैसे ही पहुंची तभी छत पर रखे सामान में अचानक आग लग गई। आग लगते ही चालक बस को फ्लाईओवर पर खड़ा करके भाग निकला। इस दौरान दोनों ओर का ट्रैफिक चल रहा था। घटनास्थल से करीब 500 मीटर की दूरी पर पुलिस और ट्रैफिक के सिपाही तैनात थे। उन्होंने तुरंत ही दिल्ली से प्रयागराज की ओर जा रहे ट्रैफिक को रुकवाया।
पुलिसकर्मियों ने लोगों को खींच-खींचकर बस से उतारा
अंदर यात्री सो रहे थे, जबकि लपटों को देखकर कोई और अंदर जाने की हिम्मत नहीं जुटा रहा था। पुलिसकर्मियों ने हिम्मत दिखाकर लोगों को खींच-खींचकर बस से उतारा। बस के अंदर महिलाएं और बच्चे भी सवार थे। फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियां आ गईं और बचाव कार्य शुरू कराया। आनन फानन एंबुलेंस भी बुला ली गईं। कुछ यात्रियों को कांशीराम संयुक्त चिकित्सालय भेजा गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार हुआ। बस के आग लगने और एक ओर के ट्रैफिक को रोक दिया गया।
आग के कारणों की हो रही है जांच
इससे फ्लाईओवर पर 10 किलोमीटर से अधिक लंबा जाम लग गया। इसको ठीक करने का प्रयास दोपहर तक जारी रहा। शाम चार बजे तक वाहन फ्लाईओवर पर रेंगते हुए निकले। आग बुझाने के बावजूद स्लीपर बस और उसके अंदर रखा यात्रियों का सामान जलकर राख हो गया। जाजमऊ फायर स्टेशन के अग्निशमन अधिकारी राहुल नंदन ने बताया कि आग के कारणों का पता लगाया जा रहा है। आग करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद बुझा दी गई। किसी प्रकार की कोई जनहानी नहीं हुई।