कानपुर: 5600 करोड़ के घोटाले में वांछित मोहम्मद आरिफ गिरफ्तार, तीन बैंक खातों में मिले 49 करोड़, अन्य की तलाश
Kanpur News: कानपुर के बहुचर्चित 5600 करोड़ रुपये के साइबर ठगी मामले में वांछित चल रहे शातिर आरोपी मोहम्मद आरिफ को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जांच में उसके तीन बैंक खातों में ठगी के 49 करोड़ रुपये का लेनदेन सामने आया हैं। साथ ही, उसने फर्जी फर्म दिखाकर बैंक से सवा करोड़ रुपये का लोन भी हड़पा था।
विस्तार
कानपुर कमिश्नरेट पुलिस को देश के सबसे बड़े 5600 करोड़ रुपये के अंतरराज्यीय साइबर ठगी नेटवर्क के मामले में एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। लंबे समय से फरार और वांछित चल रहे गिरोह के सक्रिय सदस्य मोहम्मद आरिफ को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में आरोपी के तीन बैंक खातों में साइबर ठगी के करीब 49 करोड़ रुपये के लेनदेन का खुलासा हुआ है।
पुलिस की छानबीन में यह भी चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है कि मोहम्मद आरिफ ने न केवल साइबर ठगी की रकम को खपाने का काम किया, बल्कि फर्जी दस्तावेजों और बोगस फर्म के आधार पर बैंक से सवा करोड़ रुपये का लोन भी स्वीकृत करा लिया था। पुलिस अब इस बात की भी गहनता से जांच कर रही है कि फर्जी फर्म के कागजातों पर इतनी बड़ी लोन राशि पास करने में किन बैंक कर्मचारियों या अधिकारियों की मिलीभगत रही है।
साइबर क्राइम पोर्टल पर दर्ज हैं तीन शिकायतें
साइबर सेल द्वारा खंगाले गए रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी आरिफ के दो बैंक खातों के खिलाफ नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर तीन शिकायतें दर्ज पाई गई हैं। गिरोह के अन्य साथियों के साथ मिलकर वह ऑनलाइन गेमिंग, निवेश का झांसा और फर्जी फर्मों के खातों के जरिए देश के विभिन्न राज्यों के लोगों से ठगी की रकम मंगाता था।
गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी
गौरतलब है कि कानपुर पुलिस इससे पहले इस 5600 करोड़ रुपये के महाघोटाले में सरगना शाहजेब वारिस और सलमान समेत अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मोहम्मद आरिफ से पूछताछ के आधार पर गिरोह के फरार चल रहे बाकी सदस्यों, हवाला नेटवर्क और बोगस फर्मों से जुड़े अन्य बैंक खातों के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं, जिन पर जल्द ही शिकंजा कसा जाएगा।