कानपुर साइबर क्राइम: पहले मोबाइल नंबर बंद कराया, फिर छह मिनट में खाते से 8.43 लाख किए पार, एफआईआर दर्ज
Kanpur News: पटकापुर निवासी महिला के एक्सिस बैंक खाते से साइबर अपराधियों ने शातिराना अंदाज में 8.43 लाख रुपये साफ कर दिए। ठगों ने वारदात से ठीक पहले पीड़िता का रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर बंद करा दिया, ताकि बैंक ट्रांजेक्शन का अलर्ट न मिले।
विस्तार
कानपुर में बैंक खाते से 8.43 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पटकापुर निवासी रीना बेगम के खाते से साइबर अपराधी ने 28 अगस्त की रात महज छह मिनट में 10 यूपीआई ट्रांजेक्शन कर 8,43,221.64 रुपये पार कर दिए। आरोप है कि रकम निकालने से पहले अपराधी ने खाते में रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर भी बंद करा दिया।
इससे पीड़िता और उसके पति को तत्काल घटना की जानकारी नहीं हो सकी। रीना बेगम का सिविल लाइंस स्थित एक्सिस बैंक में खाता है। घटना से पहले खाते में 14,06,856.97 रुपये जमा थे। 28 अगस्त की रात 8:30 से 8:36 बजे के बीच खाते से लगातार 10 यूपीआई ट्रांजेक्शन हुए। साइबर अपराधी ने रकम अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कर ली। 29 अगस्त की सुबह करीब 9:30 बजे रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर बंद होने की जानकारी मिलने पर रीना के पति ने मोबाइल चेक किया।
आरोपियों की पहचान में लगी है पुलिस
उसमें रकम ट्रांसफर होने के संदेश मिले। वह तत्काल एक्सिस बैंक की सिविल लाइंस शाखा पहुंचे और बैंक मैनेजर को घटना की जानकारी दी। बैंक स्टेटमेंट निकलवाने पर खाते से 8.43 लाख रुपये निकाले जाने का पता चला। पीड़िता के पति ने ऑनलाइन साइबर शिकायत भी दर्ज कराई थी। पुलिस ट्रांजेक्शन के जरिए रकम जिन खातों में पहुंची, उनकी जानकारी जुटाकर आरोपियों की पहचान में लगी है।