Kanpur: महापौर ने जनता ही जनार्दन शिविर में दिखाई संवेदनशीलता, वृद्धा को निशुल्क घुटने के ऑपरेशन का आश्वासन
Kanpur News: अमर उजाला के जनता ही जनार्दन शिविर में कानपुर की महापौर प्रमिला पांडेय ने तकलीफ में घिसटकर आई एक वृद्धा की समस्या सुनी और उन्हें हैलट अस्पताल में निशुल्क घुटने का ऑपरेशन कराने का आश्वासन दिया। इसके लिए उन्होंने पार्षद शालू कनौजिया को वृद्धा को दफ्तर लाने का निर्देश दिया।
विस्तार
कानपुर में अमर उजाला के जनता ही जनार्दन अभियान के तहत रविवार को वार्ड नंबर 14 किदवई नगर सब्जी मंडी में एक विशेष शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में महापौर प्रमिला पांडेय ने न केवल क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं, बल्कि एक जरूरतमंद वृद्धा को तत्काल बड़ी राहत देने की पहल भी की।
शिविर में महापौर प्रमिला पांडेय के साथ, नगर निगम मार्ग प्रकाश विभाग के मुख्य अभियंता आरके पाल, जोनल स्वच्छता अधिकारी आशीष बाजपेई सहित नगर निगम और जलकल विभाग के कई अधिकारी मौजूद थे। अधिकारियों ने क्षेत्रवासियों की समस्याओं को सुनकर उनके तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए।
हैलट में घुटने का निशुल्क ऑपरेशन कराने का विकल्प दिया
शिविर के दौरान एक हृदयस्पर्शी घटना सामने आई, जिसमें एक वृद्धा मुश्किल से घिसट-घिसट कर डॉक्टर को अपनी तकलीफ दिखाने पहुंची। उनकी यह स्थिति देखकर महापौर बहुत भावुक हुईं। महापौर ने तत्काल वृद्धा की समस्या सुनी और उन्हें हैलट अस्पताल में भर्ती कराकर घुटने का निशुल्क ऑपरेशन कराने का विकल्प दिया।
कल दोपहर 12:00 बजे बुलाया है दफ्तर
महापौर ने क्षेत्रीय पार्षद शालू कनौजिया और उनके पति व पूर्व पार्षद सुनील कनौजिया को निर्देश दिया कि वे वृद्धा को कल दोपहर 12:00 बजे उनके दफ्तर लेकर आएं, जहां से उन्हें सीधे हैलट अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया जाएगा और उनका निशुल्क ऑपरेशन सुनिश्चित किया जाएगा। महापौर की इस पहल ने शिविर के उद्देश्य को और सार्थक बना दिया।