Kanpur Fire: किदवई नगर सब्जी मंडी में भीषण आग, चार फायर यूनिट्स ने मिलकर पाया काबू, कोई जनहानि नहीं
Kanpur News: देर रात किदवई नगर सब्जी मंडी में कबाड़ और बोरियों के ढेर में भीषण आग लग गई। सूचना पर पहुंची चार फायर यूनिट्स ने मिलकर आग को आसपास के घरों में फैलने से रोकते हुए पूर्ण रूप से बुझा दिया।
विस्तार
कानपुर में किदवई नगर थाना क्षेत्र में देर रात 2:25 बजे फायर स्टेशन को ओ-ब्लॉक सब्जी मंडी में भीषण आग लगने की सूचना मिली। आग कबाड़ और बोरियों के ढेर में लगी थी, जिसने तेजी से विकराल रूप ले लिया था। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन किदवई नगर से एक फायर यूनिट तुरंत मौके पर रवाना हुई।
मौके पर आग की विकरालता को देखते हुए, मिनी कंट्रोल रूम से अतिरिक्त गाड़ियों की मांग की गई। इस पर फायर स्टेशन मीरपुर, फजलगंज और लाटूश रोड से एक-एक फायर यूनिट तुरंत मौके पर पहुंची। कुल चार फायर यूनिट्स ने आग को चारों तरफ से घेर कर बुझाना शुरू किया।
अग्निकांड में कोई जनहानि नहीं हुई
अग्निशमन यूनिटों के त्वरित और सामूहिक प्रयास से आग को आसपास के घरों में फैलने से रोका गया और उसे पूर्ण रूप से बुझा दिया गया। इस अग्निकांड में कोई जनहानि नहीं हुई है। पुलिस और फायर ब्रिगेड आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।