Kanpur: खतरे में 600 बच्चों की जान…स्कूल के ऊपर से गुजरी 11000 वोल्ट की लाइन, SDO ने दिया हटाने का आश्वासन
Kanpur News: महुआगांव स्थित मां फूलमती सरस्वती एजुकेशन सेंटर विद्यालय के ऊपर से 11000 वोल्ट की हाईटेंशन लाइन गुजरने से 600 बच्चों की जान को खतरा बना हुआ है। इस पर तीन साल से कोई कार्रवाई नहीं हुई है। एसडीओ विनीत चौधरी ने अब लाइन को हटाने का आश्वासन दिया है।
विस्तार
कानपुर में सरसौल ब्लॉक के महुआगांव में स्थित मां फूलमती सरस्वती एजुकेशन सेंटर के ऊपर से निकली 11000 वोल्ट की लाइन बच्चों के लिए खतरे का कारण बनी हुई है। प्रधानाचार्य ने बताया कि पिछले तीन वर्षों से लगातार शिकायतें की जा रही हैं, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है।
विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने कई बार लाइन को हटाने की बात कही थी, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। स्कूल में करीब छह सौ बच्चे शिक्षा ग्रहण करते हैं और परिसर के उसी मैदान में खेलते हैं। इसके ऊपर से यह लाइन गुजर रही है, जिससे हर समय हादसे का खतरा बना रहता है।
एसडीओ बोले- विद्युत लाइन को स्कूल परिसर से हटाया जाएगा
ग्रामीणों और स्कूल प्रबंधन का कहना है कि परिसर के अंदर से निकली यह लाइन कभी भी घातक साबित हो सकती है और यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो बड़ी दुर्घटना होना तय है। विद्युत विभाग के एसडीओ विनीत चौधरी ने बताया कि प्रकरण उनके संज्ञान में नहीं है। स्कूल के प्रधानाचार्य से संपर्क कर विद्युत लाइन को स्कूल परिसर से हटाया जाएगा।