यूपी: प्रदेश के कई जिलों में आज का अवकाश घोषित, बंद रहेंगे 1 से 8 तक के स्कूल; बीएसए ने जारी किया आदेश
Holiday declared in UP schools: यूपी के कई जिलों में दस अक्तूबर को अवकाश रहेगा। यह अवकाश जिले के बेसिक शिक्षा अधिकारियों के द्वारा अपने स्तर पर दिया गया है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में शनिवार को 'पितृ विसर्जन' के अवसर पर स्कूलों में छुट्टी की घोषणा की गई है। उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद, प्रयागराज के सचिव से मिले निर्देशों के क्रम में संबंधित जिलों के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों ने इस संबंध में आधिकारिक पत्र जारी कर दिए हैं। धार्मिक परंपराओं और त्यौहार के महत्व को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है ताकि छात्रों और शिक्षकों को किसी तरह की असुविधा न हो।
कक्षा 1 से 8 तक के स्कूलों में लागू रहेगा आदेश
बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार, विभाग के नियंत्रण में संचालित कक्षा 1 से 8 तक के सभी परिषदीय और मान्यता प्राप्त प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में शनिवार को पठन-पाठन का कार्य स्थगित रहेगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह अवकाश मुख्य रूप से बेसिक शिक्षा के अंतर्गत आने वाले विद्यालयों पर लागू होगा।
बहराइच, रायबरेली, अमेठी और सुल्तानपुर में छुट्टियां
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बहराइच में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार सिंह ने बताया कि बेसिक शिक्षा परिषद प्रयागराज के निर्देशों के तहत शनिवार को जिले के सभी परिषदीय स्कूल बंद रहेंगे। इसके साथ ही रायबरेली, अमेठी और सुल्तानपुर जिलों में भी पितृ विसर्जन के अवसर पर परिषदीय स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। हालांकि अमेठी में माध्यमिक कॉलेजों में यह छुट्टी लागू नहीं होगी, केवल बेसिक शिक्षा विभाग के तहत संचालित स्कूल ही बंद रहेंगे।