कानपुर: आर-पार के मूड में अधिवक्ता, लखनऊ पहुंचकर घेरेंगे विधानसभा, दी अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
Kanpur News: अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम लागू करने समेत 15 सूत्रीय मांगों पर सुनवाई न होने से नाराज अधिवक्ताओं ने अब 14 नवंबर को लखनऊ में विधानसभा घेराव करने का बड़ा ऐलान किया है। कानपुर समेत प्रदेश भर के हजारों अधिवक्ता जीपीओ स्थित गांधी प्रतिमा पर एकत्र होकर शांति मार्च निकालेंगे और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपेंगे।
विस्तार
कानपुर में दो माह से अधिवक्ताओं द्वारा हर बुधवार को न्यायिक कार्य बहिष्कार किए जाने, कई बार मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजे जाने के बावजूद अब तक अधिवक्ताओं की मांगों पर सुनवाई न होने पर विरोध स्वरूप अधिवक्ताओं ने अब 14 नवंबर को विधानसभा घेराव का ऐलान किया है। बड़ी संख्या में प्रदेश भर के अधिवक्ता लखनऊ जीपीओ स्थित गांधी प्रतिमा पर इकट्ठा होंगे और हजारों की संख्या में विधानसभा पहुंचकर घेराव कर अपनी मांगों के संबंध में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपेंगे।
यह जानकारी बार एसोसिएशन के महामंत्री बिनय मिश्रा व लॉयर्स एसोसिएशन के महामंत्री राजीव यादव ने संयुक्त पत्रकार वार्ता के दौरान दी। लखनऊ में विधानसभा घेराव के दौरान दिए जाने वाले ज्ञापन में अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम जल्द लागू किए जाने, नए अधिवक्ताओं को पांच वर्ष तक दस हजार रुपए प्रतिमाह प्रोत्साहन भत्ता दिए जाने, 70 साल की आयु पूरी कर चुके अधिवक्ताओं को 30 हजार रुपए प्रतिमाह मानक भत्ता दिए जाने, अधिवक्ता कल्याण निधि की राशि 25 लाख रुपए किए जाने की मांग की जाएगी।
अब तक मांगों पर कोई ध्यान नहीं दिया गया
साथ ही, यूपी रेंट कंट्रोल एक्ट का न्यायिक क्षेत्राधिकार प्रशासनिक न्यायालय से वापस लेकर दीवानी न्यायालय को दोबारा दिए जाने की मांग भी रखी जाएगी। कई जिलों में बिना अधिवक्ताओं को व्यवस्थित किए उनके चैंबर तोड़े गए हैं उनके लिए नए चैंबरों के निर्माण कराए जाने की मांग भी मुख्य रूप से रखी जाएगी। वार्ता में बताया गया कि कानपुर में 10 व 11 सितंबर को हुए प्रांतीय सम्मेलन में 15 सूत्रीय मांगे रखी गई थीं, जिनको लेकर अधिवक्ता हर बुधवार को हड़ताल कर रहे हैं, लेकिन अब तक मांगों पर कोई ध्यान नहीं दिया गया है।
अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा भी कर सकते हैं अधिवक्ता
14 नवंबर को शांति मार्च निकालकर विधानसभा घेराव किया जाएगा। इसके बाद भी अगर सरकार नहीं चेती, तो अधिवक्ता अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा भी कर सकते हैं। वार्ता में बताया कि बड़ी संख्या में अधिवक्ता 14 नवंबर को सुबह सात बजे लायर्स एसोसिएशन गेट के बाहर इकट्ठा होंगे और आठ बजे लखनऊ के लिए कूच करेंगे। इसके अलावा अधिवक्ता अपने अपने घर, तहसील व जिलों से भी अपने वाहनों से लखनऊ पहुंचेंगे। जीपीओ पर 11 बजे इकट्ठा होंगे और शांति मार्च निकालेंगे। 12 बजे विधानसभा घेराव किया जाएगा। वार्ता के दौरान उपाध्यक्ष रमाकांत मिश्रा, मो.तौहीद, भगवत दास, रामबाबू चौधरी आदि मौजूद रहे।