Ganga Barrage Accident: काली कार का 48 घंटे बाद भी सुराग नहीं, ग्रामीण क्षेत्रों से जानकारी जुटी रही है पुलिस
Kanpur News: गंगा बैराज पर दरोगाओं को कुचलने वाली काली कार का नंबर कोहरे के कारण साफ नहीं हो सका। पुलिस अब टोल फुटेज और डेंटिंग-पेंटिंग की दुकानों के जरिए सुराग जुटा रही है।
विस्तार
कानपुर में गंगा बैराज पर चेकिंग कर रहे दो दरोगा और होमगार्ड को टक्कर मारकर फरार हुई काले रंग की कार का 48 घंटे बाद भी सुराग नहीं लग सका है। कोहना पुलिस और क्राइम की टीमें शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में कार की तलाश कर रही हैं। शिवराजपुर टोल प्लाजा से भी फुटेज मांगे गए हैं। आरोपियों की तलाश में चार पहिया वाहनों की डेंटिंग व पेंटिंग करने वाले कुछ मुखबिरों की मदद ली जा रही है।
उन्नाव पुलिस को भी घटना का फुटेज दिया गया है। गंगा बैराज पर मंगलवार शाम साढ़े छह बजे अटल घाट चौकी प्रभारी संजय, दरोगा पूरन सिंह और होमगार्ड हरि प्रकाश बैरियर लगाकर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी बीच काले रंग की तेज रफ्तार ऑरा कार आई और बैरियर काे टक्कर मारने के बाद बिठूर की ओर फरार हो गई।
चालक व उसमें सवार लोगों का पता नहीं चल सका
कार की टक्कर से एसआई संजय, पूरन सिंह और होमगार्ड हरि प्रकाश घायल हो गए थे। तीनों को हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के आधे घंटे बाद पुलिस और क्राइम ब्रांच मौके पर पहुंची कई जगह चेकिंग हुई, लेकिन कार चालक व उसमें सवार लोगों का पता नहीं चल सका। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, कुछ जगहों पर सीसीटीवी कैमरों में कार की फोटो आई है।
सीसीटीवी कैमरों की फुटेज हासिल कर ली है
हालांकि, कोहरे और अंधेरे की वजह से कार का साफ नंबर प्लेट नहीं आ सका है। क्राइम ब्रांच ने बिठूर, चौबेपुर और शिवराजपुर क्षेत्र की दुकानों व घरों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज हासिल कर ली है। उसके आधार पर कार सवारों को चिह्नित किया जा रहा है। कार सवार के बगल में भी एक युवक बैठा हुआ दिखाई दिया है, जबकि पीछे की सीट वालों की सही जानकारी नहीं हो पाई है।