कानपुर: कमिश्नरेट में गांधी-शास्त्री जयंती का आयोजन, सीपी ने प्रतिमाओं पर किया माल्यार्पण, सेवा का लिया संकल्प
Kanpur News: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर कानपुर पुलिस कमिश्नरेट में भव्य श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किए गए। पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने पुलिस लाइन में दोनों महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए और पुलिसकर्मियों को सत्य, अहिंसा, सादगी और निष्ठा की शपथ दिलाई।
विस्तार
कानपुर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर शुक्रवार को कमिश्नरेट पुलिस ने दोनों महापुरुषों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने दोनों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सत्य, अहिंसा, ईमानदारी, सादगी, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा के मूल्यों को आत्मसात करने की शपथ दिलाई गई।
पुलिस कमिश्नर ने पुलिसकर्मियों से नागरिकों की सुरक्षा, सम्मान और सहायता को प्राथमिकता देते हुए पूरी निष्ठा एवं संवेदनशीलता से दायित्व निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में अपर पुलिस कमिश्नर कानून-व्यवस्था डॉ. विपिन ताडा और अपर पुलिस कमिश्नर मुख्यालय एवं अपराध संकल्प शर्मा समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
दोनों महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी
इसी प्रकार सेंट्रल जोन में पुलिस उपायुक्त अतुल कुमार श्रीवास्तव और अपर पुलिस उपायुक्त डॉ. अर्चना सिंह ने स्वरूप नगर स्थित डीसीपी कार्यालय में गांधी और शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण व पुष्पांजलि अर्पित कर सलामी दी। पूर्वी जोन में पुलिस उपायुक्त सत्यजीत गुप्ता ने डीसीपी कार्यालय में दोनों महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी।
पुलिसकर्मियों को आमजन की सेवा करने के लिए प्रेरित किया
पश्चिमी जोन में पुलिस उपायुक्त एसएम कासिम आबिदी ने थाना कल्याणपुर में गांधी और शास्त्री के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर सलामी दी। दक्षिण जोन में पुलिस उपायुक्त दीपेंद्र नाथ चौधरी और अपर पुलिस उपायुक्त अरीबा नोमान ने पराग डेयरी, निराला नगर स्थित डीसीपी कार्यालय में दोनों महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की। अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को सम्मानपूर्ण और सहयोगात्मक व्यवहार के साथ आमजन की सेवा करने के लिए प्रेरित किया।