कानपुर: चमनगंज में शत्रु संपत्ति पर खड़े चार पिलर ध्वस्त, दो के खिलाफ एफआईआर की तहरीर
Kanpur News: चमनगंज के नाला रोड स्थित घोषित शत्रु संपत्ति दारुल मौला में अवैध निर्माण के मामले में जिला प्रशासन ने शुक्रवार को कार्रवाई की। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर एडीएम सिटी आलोक कुमार गुप्ता के नेतृत्व में प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने मजदूरों की मदद से शत्रु संपत्ति में बनाए गए चार पिलरों को ध्वस्त करा दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वहीं, अवैध निर्माण कराने के आरोप में दो लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए चमनगंज थाने में तहरीर दी गई है। चक संख्या 88/21, दारुल मौला (पूर्ण भाग), नाला रोड, चमनगंज स्थित संपत्ति पूर्व से ही शत्रु संपत्ति घोषित है। प्रशासन के अनुसार इस संपत्ति में इमरान आदि की ओर से चार पिलर खड़े कराकर निर्माण कराया जा रहा था।
मामला संज्ञान में आने के बाद जिलाधिकारी ने तत्काल अवैध निर्माण हटाने और संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देश के अनुपालन में एडीएम सिटी के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने मौके पर कराए गए निर्माण की स्थिति देखी और चारों पिलरों को मजदूरों की मदद से ध्वस्त करा दिया। कार्रवाई के दौरान प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शत्रु संपत्ति पर किसी भी तरह का नया निर्माण या कब्जा स्वीकार नहीं किया जाएगा।
अवैध निर्माण के मामले में इमरान पुत्र गुड्डू और अरशद अमीन पुत्र अज्ञात के खिलाफ प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाना चमनगंज में तहरीर दी गई है। पुलिस अब मामले में तहरीर के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई करेगी।
जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि जिले में शत्रु संपत्तियों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा अथवा निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसी संपत्तियों की निगरानी के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। कहीं भी अतिक्रमण या अवैध निर्माण सामने आने पर उसे हटाने के साथ संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।