कानपुर: नेगी गेस्ट हाउस पर फायरिंग, शीशा टूटा हुआ मिला, नहीं मिले कारतूस या ईंट-पत्थर, जांच में जुटी पुलिस
Kanpur News: नेगी गेस्ट हाउस के मालिक द्वारा गोली चलने और शीशा टूटने की लिखित सूचना पर पुलिस और फारेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच के दौरान गेस्ट हाउस का शीशा तो टूटा मिला, लेकिन घटनास्थल से कोई कारतूस या ईंट-पत्थर बरामद नहीं हुआ।
विस्तार
कानपुर में नेगी गेस्ट हाउस में देर रात गोली चलने और शीशा टूटने की घटना से हड़कंप मच गया। सूचना पर तत्काल पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जब घटनास्थल की बारीकी से पड़ताल की, तो मामला काफी संदिग्ध नजर आया। मौके पर शीशा तो टूटा हुआ मिला, लेकिन कोई भी कारतूस या ईंट-पत्थर बरामद नहीं हुआ है।
गेस्ट हाउस के मालिक गजेंद्र सिंह नेगी ने पुलिस को दी गई लिखित शिकायत में बताया कि वह इलाहाबाद से लौटे थे। जब वह गेस्ट हाउस पहुंचे, तो वहां तैनात गार्ड ने उन्हें पूरी घटना की जानकारी दी कि देर रात कोई तेज धड़ाम की आवाज सुनाई दी थी। इसके बाद मालिक ने तुरंत डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को घटना की सूचना दी।
सीसीटीवी जांच में जुटी पुलिस
मौके पर पहुंची फारेंसिक टीम और स्थानीय पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। हैरानी की बात यह रही कि फुटेज में सड़क से कोई भी व्यक्ति गोली चलाता हुआ या हमला करता नजर नहीं आया है। पुलिस अब सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर शीशा टूटने की यह घटना किस वजह से हुई है।