Kanpur: पुलिसकर्मियों को मिला आग से निपटने का प्रशिक्षण, फायर ब्रिगेड टीम ने सिखाई बचाव की तकनीक
Kanpur News: आग लगने की स्थिति में तत्काल राहत और बचाव कार्य को बेहतर बनाने के लिए पुलिसकर्मियों को फायर सेफ्टी और रेस्क्यू का प्रशिक्षण दिया गया। फायर ब्रिगेड के डीजी के निर्देश पर प्रदेशभर में पुलिसकर्मियों को आग से निपटने के तौर-तरीके सिखाए जा रहे हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आपात स्थिति में पुलिसकर्मी सबसे पहले मौके पर पहुंचते हैं, इसी बात को ध्यान में रखते हुए अब उन्हें आग से निपटने के गुर सिखाए जा रहे हैं। फायर ब्रिगेड के महानिदेशक (डीजी) के निर्देश के क्रम में गुरुवार को महाराजपुर थाना क्षेत्र की शेखपुर और पुरवामीर चौकी में नरवल फायर स्टेशन की टीम द्वारा एक विशेष कार्यशाला (वर्कशॉप) का आयोजन किया गया। इस वर्कशॉप में थानों और चौकियों पर तैनात पुलिसकर्मियों को अग्निशामक यंत्रों के इस्तेमाल और राहत-बचाव कार्यों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
थानों और डायल 112 कर्मियों को दी जा रही फायर सेफ्टी की जानकारी
फायर ब्रिगेड के अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि डीजी के निर्देश पर प्रदेशभर के थानों, चौकियों और डायल 112 वाहनों पर तैनात पुलिसकर्मियों को आग से सुरक्षा के प्रति जागरूक और प्रशिक्षित किया जा रहा है। इस वर्कशॉप के जरिए पुलिसकर्मियों को यह सिखाया जा रहा है कि अचानक आग लगने की घटना पर तुरंत और प्रभावी ढंग से कैसे नियंत्रण पाया जाए, फायर सिलेंडर का सही इस्तेमाल कैसे किया जाए और यदि कोई व्यक्ति धुएं या आग में फंस जाए, तो उसे सुरक्षित बाहर कैसे निकाला जाए।
शेखपुर और पुरवामीर चौकी में दिया गया लाइव डेमो
प्रशिक्षण के दौरान फायर टीम ने शेखपुर चौकी परिसर में मौके पर ही लाइव डेमो करके दिखाया कि शुरुआती स्तर की छोटी आग को तुरंत कैसे बुझाया जा सकता है और सिलेंडर को चलाने का सही तरीका क्या होता है। वहीं, पुरवामीर चौकी इंचार्ज पुष्पराज सिंह ने बताया कि यह वर्कशॉप हम सभी के लिए बेहद महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने कहा कि इससे हमें सीखने को मिला कि आग पर समय रहते काबू कैसे पाया जा सकता है और आपातकाल में लोगों की जान किस प्रकार बचाई जा सकती है।
राहत कार्यों में मददगार साबित होगा प्रशिक्षण
पुलिसकर्मियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि अक्सर किसी भी दुर्घटना या आग लगने की सूचना मिलने पर सबसे पहले पुलिस बल ही मौके पर पहुंचता है। ऐसे में यह विशेष प्रशिक्षण उनके लिए काफी मददगार साबित होगा और वे भविष्य में किसी भी आपात स्थिति से बेहतर तरीके से निपटते हुए लोगों की जान बचाने में सक्षम होंगे।