Kanpur: वृद्ध महिला के घर तोड़फोड़ और चोरी, साइकिल तोड़ी…ज्वेलरी और नकदी गायब, तीन दिन बाद भी नहीं पहुंची पुलिस
Kanpur News: महाराजपुर थाना क्षेत्र के रामपुर गांव में अंडा खिलाने के विवाद में पड़ोसी ने एक वृद्धा के घर में जमकर तोड़फोड़ कर दी। सामान तालाब में फेंक दिया और सोने के गहने और नकदी चुरा ली। एडीसीपी से शिकायत के बावजूद तीन दिन तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची, जिससे ग्रामीण और पीड़ित परिवार डरे हुए हैं।
विस्तार
कानपुर में महाराजपुर थाना क्षेत्र के रामपुर गांव में मंगलवार की रात एक वृद्धा के घर में हुई तोड़फोड़ और चोरी की घटना ने ग्रामीणों में आक्रोश पैदा कर दिया है। पीड़िता ने एसीपी से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है, लेकिन घटना के तीन दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची है। इससे पीड़ित परिवार दहशत में है।
रामपुर गांव की रहने वाली वृद्धा अनुसुईया सिंह ने बताया कि उनके पति का निधन हो चुका है और वह अपने बेटे संदीप के साथ रहती हैं। बुधवार को वह किसी काम से बाहर गई थीं, तभी घर पर मौजूद उनका बेटा खाना बनाने में जुटा था। इसी दौरान पड़ोसी युवक ललित सिंह आया और जबरन अंडा खिलाने की बात कहने लगा। विरोध करने पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई, जिसके बाद आरोपी धमकी देकर चला गया।
सोने के गहने और 2700 रुपये भी गायब
पीड़िता के अनुसार रात करीब नौ बजे आरोपी दोबारा घर पहुंचा और कमरे का दरवाजा तोड़कर किचन का पूरा सामान बाहर फेंक दिया। कुछ सामान गली में, तो कुछ तालाब में फेंक दिया गया। घर में रखी साइकिल को भी कई टुकड़ों में तोड़ दिया गया। इस दौरान बक्से में रखे सोने के गहने और 2700 रुपये भी गायब हो गए। ग्रामीणों ने रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपी लगातार तोड़फोड़ करता रहा।
सरसौल चौकी में तहरीर दी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई
वृद्धा ने बताया कि जब वह घर लौटीं, तो पूरा घर तहस नहस पड़ा था। घटना की जानकारी मिलते ही उसने सरसौल चौकी में तहरीर दी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद शुक्रवार को एसीपी से शिकायत की है। महाराजपुर थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार का कहना है कि शिकायत मिली है। मामले की जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे। उसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।