कानपुर सड़क हादसा: एनआरआई सिटी के पास डंपर से टकराया ई-रिक्शा, चालक की हालत नाजुक, पत्नी-बच्चा भी घायल
Kanpur News: नवाबगंज क्षेत्र में एनआरआई सिटी के पास गंगाबैराज-मंधना हाईवे पर सड़क किनारे खड़े डंपर से ई-रिक्शा टकरा गया। इस भीषण हादसे में ई-रिक्शा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसकी पत्नी व पांच वर्षीय मासूम बच्चा भी घायल हो गए। हाईवे पर स्ट्रीट लाइट न होने के कारण ग्रामीणों में गहरा आक्रोश व्याप्त है।
विस्तार
कानपुर के नवाबगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात गंगाबैराज से मंधना-बिठूर चौराहे जाने वाले हाईवे पर बनियापुरवा स्थित एनआरआई सिटी के पास सड़क किनारे खड़े डंपर से ई-रिक्शा टकरा गया। हादसे में चालक नीरज कुमार (45) गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसकी पत्नी ममता और पांच वर्षीय बच्चा भी घायल हो गए। नीरज की हालत नाजुक बताई जा रही है।
नीरज पत्नी ममता और बच्चे के साथ कंपनी बाग स्थित मायके से दुर्गापुर गांव स्थित अपने घर जा रहा था। एनआरआई सिटी कट से करीब 100 मीटर आगे पहुंचते ही ई-रिक्शा सड़क किनारे खड़े डंपर से टकरा गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
घायलों को ऑटो से निजी अस्पताल भिजवाया
राहगीरों ने घायलों की मदद की और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर नवाबगंज पुलिस मौके पर पहुंची और राहगीरों की मदद से तीनों घायलों को ऑटो से निजी अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
हाईवे पर रोशनी की व्यवस्था न होने का आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि गंगाबैराज से मंधना-बिठूर जाने वाले इस हाईवे पर कई हिस्सों में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था नहीं है। रात में सड़क पर अंधेरा रहने से वाहन चालकों को सड़क किनारे खड़े वाहनों का पता नहीं चलता। ग्रामीणों का कहना है कि रोशनी की व्यवस्था न होने के कारण इस मार्ग पर आए दिन हादसे होते हैं। उन्होंने हाईवे पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था कराने की मांग की है।