कानपुर: केपीएम अस्पताल का जर्जर भवन होगा ध्वस्त, शासन ने प्रक्रिया और खर्च का मांगा ब्योरा, ये भी है चर्चा
Kanpur News: केपीएम अस्पताल के जर्जर भवन को ध्वस्त करने के लिए शासन ने पीडब्ल्यूडी से तकनीकी रिपोर्ट और लागत का ब्योरा मांगा है। आईआईटी कानपुर के सर्वे में भवन को असुरक्षित घोषित किए जाने के बाद यह फैसला लिया गया है और इस दौरान अस्पताल को नौबस्ता शिफ्ट करने की योजना है।
विस्तार
कानपुर में कमलापति मेमोरियल (केपीएम) अस्पताल के पुराने जर्जर भवन को ध्वस्त करने की तैयारी शुरू हो गई है। शासन ने अस्पताल प्रशासन से ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया और संभावित खर्च का पूरा ब्योरा मांगा है। इसके बाद सीएमएस डॉ. अनिल शुक्ला ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को पत्र भेजकर भवन ध्वस्तीकरण की तकनीकी रिपोर्ट और अनुमानित लागत उपलब्ध कराने को कहा है।
सीएमएस के अनुसार शासन से लंबे समय से अस्पताल में आधुनिक फायर सेफ्टी सिस्टम लगाने के निर्देश मिल रहे थे। जर्जर भवन में नई तकनीक लगवाना या निर्माण कार्य कराना सुरक्षित नहीं था। करीब दो वर्ष पहले कानपुर आईआईटी के सर्वे में भी भवन को पूरी तरह जर्जर बताते हुए जीर्णोद्धार को खतरनाक बताया गया था।
100 बेड अस्पताल में शिफ्ट करने की चर्चा
रिपोर्ट के आधार पर शासन ने भवन ध्वस्त कर सुरक्षा मानकों के अनुरूप नए निर्माण की दिशा में कदम बढ़ाया है। पीडब्ल्यूडी रिपोर्ट के बाद प्रशासनिक स्वीकृति लेकर कार्रवाई होगी। विभागीय सूत्रों के मुताबिक अस्पताल को नौबस्ता के 100 बेड अस्पताल में शिफ्ट करने की चर्चा है।