Delhi Blast: पूर्व पति डॉ. जफर से ATS ने की पूछताछ, चार थाना क्षेत्रों में छापेमारी, नौ संदिग्ध हिरासत में
Kanpur News: जैश-ए-मोहम्मद की महिला विंग की कमांडर डॉ. शाहीन सईद का कानपुर कनेक्शन सामने आया है। मंगलवार रात को पुलिस और एटीएस की संयुक्त टीम ने अनवरगंज, बजरिया, चमनगंज और कर्नलगंज थाना क्षेत्रों में छापेमारी की। नौ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
विस्तार
कानपुर में जैश-ए-मोहम्मद की महिला विंग की कमांडर डॉ. शाहीन के कानपुर कनेक्शन के सामने आने के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार रात से शहर के चार थाना क्षेत्रों अनवरगंज, बजरिया, चमनगंज और कर्नलगंज में पुलिस और एटीएस की संयुक्त टीमों ने छापेमारी अभियान चलाया। संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त नौ अपराधियों और हिस्ट्रीशीटरों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, एटीएस टीम ने कानपुर मेडिकल कॉलेज से डॉ. शाहीन से जुड़ी जानकारियां जुटाईं। शाहीन कभी मेडिकल कॉलेज के फार्मा विभाग में प्रवक्ता के पद पर तैनात थी, लेकिन 2013 से लापता चल रही थी। शासन ने 2021 में उसे अनुपस्थित रहने के कारण बर्खास्त कर दिया था। एटीएस ने जांच के सिलसिले में शाहीन के पूर्व पति डॉ. जफर हयात से भी पूछताछ की।
बेहतर लाइफस्टाइल जीने की आदी थी
डॉ. जफर ने बताया कि उन्होंने 2013 में शाहीन को तलाक दे दिया था और तब से उनका कोई संपर्क नहीं रहा। उन्होंने कहा कि शाहीन की महत्वाकांक्षा बहुत अधिक थी। वह हमेशा बेहतर लाइफस्टाइल जीने की आदी थी। तलाक के बाद उसके क्या संबंध या संपर्क रहे, इस बारे में मुझे कोई जानकारी नहीं है। फिलहाल पुलिस और एटीएस टीम शाहीन के पुराने संपर्कों और ठिकानों की तलाश में जुटी है