कानपुर देहात में 24 घंटे में 16.33 मिमी बारिश, दीवार गिरने से वृद्ध की गई जान
Kanpur Dehat News: जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी रही। पिछले 24 घंटे में जिले में 16.33 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
विस्तार
कहीं रुक-रुककर तो कहीं तेज बारिश के कारण नाले उफन गए और सड़कों पर पानी भर गया। वहीं, अमराहट थाना क्षेत्र के महेशपुर गांव में बुधवार देर रात कच्ची दीवार गिरने से मलबे में दबकर 85 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। महेशपुर निवासी रामनरेश ने बताया कि बुधवार रात खाना खाने के बाद उनके पिता शिवसहाय (85) घर की कच्ची दीवार के पास छप्पर के नीचे तखत पर बैठे थे।
पास में गांव के सुरेश, पप्पू और नरेश भी बैठे थे। इसी दौरान बारिश के बीच अचानक कच्ची दीवार भरभराकर गिर गई। शिवसहाय मलबे में दब गए। दीवार गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद वृद्ध को मलबे से बाहर निकाला और सिकंदरा सीएचसी ले गए। वहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर नायब तहसीलदार अनिरुद्ध मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि मृतक किसान के परिजनों को दैवीय आपदा के तहत नियमानुसार मुआवजा दिलाया जाएगा। अमराहट थाना प्रभारी महेश कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। जिले में बुधवार सुबह से देर रात तक बारिश होती रही। नगरीय क्षेत्रों में जल निकासी व्यवस्था की स्थिति भी प्रभावित रही। कई स्थानों पर नाले ओवरफ्लो होने से सड़कों पर पानी भर गया। सबसे अधिक परेशानी कच्चे मकानों में रहने वाले लोगों को उठानी पड़ रही है।
तहसीलवार आंकड़ों के अनुसार अकबरपुर में सात मिमी, भोगनीपुर में 35 मिमी, मैथा में 27 मिमी, सिकंदरा में 20 मिमी, रसूलाबाद में पांच मिमी और डेरापुर में चार मिमी बारिश दर्ज की गई। जिले में औसत बारिश 16.33 मिमी रही।सीएसए के कृषि तकनीकी अधिकारी अजय मिश्र ने बताया कि आगामी पांच दिनों तक मध्यम से घने बादल छाए रहने के आसार हैं। स्थानीय स्तर पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।