Kanpur Dehat: शाॅर्ट सर्किट से डीसीएम में लगी आग, 55 मिनट तक इटावा-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग रहा जाम
रनियां थाना प्रभारी कपिल दुबे ने बताया कि डीसीएम में आग लगने से कोई जनहानि नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद मामले में कार्रवाई की जाएगी। सीएफओ सुरेंद्र सिंह ने बताया कि शॉर्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आ रही है।
विस्तार
कानपुर देहात में इटावा-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार देर शाम परचून का सामान लादकर जा रही एक डीसीएम में शॉट सर्किट से आग लग गई। राहगीरों के शोर मचाने पर चालक ने डीसीएम रोकी और कूदकर अपनी जान बचाई।
इससे हाईवे पर अफरातफरी हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने हाईवे की दोनों लेन पर यातायात बंद कर दिया। वहीं, दमकल कर्मियों ने 40 मिनट में आग पर काबू पाया। इससे 55 मिनट बाद हाईवे पर वाहनों की आवाजाही सुचारू हो सकी।
रनियां पड़ाव में संचालित एक वनस्पति फैक्टरी के पास रविवार की देर शाम करीब 7ः25 बजे दिल्ली से कानपुर की ओर जा रही डीसीएम में शॉर्ट सर्किट से अचानक आग लग गई। डीसीएम पर मखाना, टॉफी समेत परचून का तमाम सामान लदा था।
राहगीरों के शोर मचाने पर चालक को आग लगने का पता चला तो उसने डीसीएम हाईवे पर ही रोक दी और कूदकर खुद की जान बचाई। इधर, हाईवे पर जल रही डीसीएम से अफरातफरी का माहौल हो गया। घटना की सूचना पर तुरंत थाना पुलिस व दमकल कर्मी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने हाईवे की दोनों लेन पर वाहनों का आवागमन रोक दिया। इसके बाद सीएफओ सुरेंद्र सिंह ने सहकर्मियों के साथ 40 मिनट तक पानी की बौछार कर डीसीएम में लगी आग पर काबू पाया। वाहन को मार्ग से हटाकर करीब 8ः20 बजे 55 मिनट बाद हाईवे पर आवागमन शुरू हो सका।
सीएनजी चलित थी डीसीएम, टॉयर फटने से सहमे लोग
हाईवे पर जल रही डीसीएम का टायर फटने से लोग सहम गए। पुलिस को डर था कि आग से कहीं डीसीएम में लगा सीएनजी का टैंक फट फटा गया, तो बड़ा हादसा हो सकता है। यही वजह थी कि पुलिस ने दोनों लेन पर वाहनों की आवाजाही रोक दी थी। रनियां थाना प्रभारी कपिल दुबे ने बताया कि डीसीएम में आग लगने से कोई जनहानि नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद मामले में कार्रवाई की जाएगी।