कानपुर: बहू व उसके प्रेमी पर बेटे की हत्या का आरोप, ससुर बोले- ट्रेन से धक्का दिया, कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज
Kanpur News: बिठूर थाना क्षेत्र में कोर्ट के आदेश पर एक ससुर ने अपनी बहू और उसके कथित प्रेमी यूपी-112 के सिपाही समेत 12 लोगों के खिलाफ बेटे की हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है। आरोप है कि अवैध संबंधों में रोड़ा बनने पर बीते साल दिसंबर 2025 में बेटे को उज्जैन महाकाल के दर्शन का झांसा देकर ट्रेन से फेंककर मार डाला गया था।
विस्तार
कानपुर के बिठूर में ससुर ने अपनी बहू और उसके कथित प्रेमी समेत 12 लोगों के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर रविवार को बेटे की हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है। आरोप है कि अवैध संबंधों में रोड़ा बने बेटे को बीते साल दिसंबर में ट्रेन से फेंक कर मार डाला गया। पुलिस ने हत्या, अपहरण, साजिश, मारपीट और धमकी देने की धारा लगाई है। बिठूर निवासी बुजुर्ग के मुताबिक उनका बेटा अहमदाबाद की एक डिस्पोजल कंपनी में सेल्स मैनेजर था।
आरोप है कि एक दिसंबर 2025 की रात कल्याणपुर में यूपी-112 में तैनात रहा सिपाही राहुल कुमार महाकाल के दर्शन कराने का झांसा देकर बेटे को उज्जैन के लिए घर से ले गया था। उसे श्रमशक्ति एक्सप्रेस से दिल्ली की ओर ले जाया गया। आरोप है कि शिकोहाबाद क्षेत्र में कटौरा बुजुर्ग के पास चलती ट्रेन से फेंककर उसकी हत्या कर दी। उसका शव संदिग्ध हालात में रेलवे ट्रैक पर मिला था। चार दिसंबर को रेलवे ट्रैक के पास बेटे का शव मिला था।
कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज
आरोप है कि उसकी बहू और सिपाही के बीच अवैध संबंध थे। बेटे ने जानकारी होने पर विरोध किया था। इसी के बाद दोनों ने मिलकर बेटे की हत्या की साजिश रची। वहीं, बेटे की मौत के बाद 18 दिसंबर को कुछ लोग घर पहुंचे और मकान की रजिस्ट्री बहू के नाम करने का दबाव बनाया। विरोध पर पिटाई की। बिठूर थाना प्रभारी ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।