Kanpur: विवि ने जारी किया आदेश…छात्रों को एआई पढ़ना होगा अनिवार्य, नहीं मिलेंगे आंतरिक मूल्यांकन के अंक
Kanpur News: प्रदेश स्ववित्तपोषित महाविद्यालय एसोसिएशन के अध्यक्ष विनय त्रिवेदी ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस के बारे मे जानना और सीखना वर्तमान समय की आवश्यकता है। जिन कालेजों में अभी तक पाठ्यक्रम अधूरा है, उसे पूरा कराने की कोशिश की जाएगी।
विस्तार
कानपुर में एआई कोर्स न करने वाले छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय के स्नातक दूसरे और चौथे सेमेस्टर के छात्रों का परिणाम अधर में हैं। कोर्स न करने वाले छात्रों को आंतरिक मूल्यांकन के अंक शून्य दिए जाएंगे। विश्वविद्यालय ने इस संबंध में एक आदेश भी जारी किया है। विश्वविद्यालय से संबंद्ध महाविद्यालयों के बीए, बीएससी और बीकाम के दूसरे और चौथे सेमेस्टर के विद्यार्थियों के लिए वोकेशनल शिक्षा के तहत एआई पाठ्यक्रम को सभी के लिए अनिवार्य किया है।
हालांकि विवि के इस फैसले से कई डिग्री कॉलेज नाराज हैं। कारण, इसके लिए 500 रुपये फीस भी लगाई है। कॉलेजों का कहना है कि छात्र वैसे भी नहीं आ रहे हैं, एक-एक करके नया शुल्क थोपेंगे तो छात्र और भी कम हो जाएंगे। कई कॉलेजों के छात्रों ने इस कोर्स को नहीं कराया है। इससे एआई फाॅर आॅल का लक्ष्य अधूरा रह गया है। एआई फॉर ऑल पाठ्यक्रम में छात्र-छात्राओं के लागिन भी नहीं करने की रिपोर्ट पर विश्वविद्यालय ने सख्त रुख दिखाया है।
छात्रों का परीक्षा परिणाम भी जारी नहीं होगा
डीन एकेडमिक और निदेशक महाविद्यालय विकास परिषद की ओर से इस सिलसिले में सभी महाविद्यालयों को पत्र लिखा गया है। जो भी विद्यार्थी इस पाठ्यक्रम में लागिन नहीं करेंगे और सभी वीडियो पढ़कर प्रश्नावली का उत्तर नहीं देंगे। उन्हें आंतरिक मूल्यांकन प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जाएगा। ऐसे सभी विद्यार्थियों का परीक्षा परिणाम भी जारी नहीं होगा। प्रदेश स्ववित्तपोषित महाविद्यालय एसोसिएशन के अध्यक्ष विनय त्रिवेदी ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस के बारे मे जानना और सीखना वर्तमान समय की आवश्यकता है। जिन कालेजों में अभी तक पाठ्यक्रम अधूरा है उसे पूरा कराने की कोशिश की जाएगी।